नई दिल्ली, 17 जून (पीटीआई)
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ड्यूटी पर जा रहे दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 13 जून को हुई, जब मालवीय नगर स्थित 7वीं बटालियन में तैनात कांस्टेबल कर्मवीर अपनी मोटरसाइकिल से स्टेशन जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, द्वारका एक्सप्रेसवे पर बिजवासन अंडरपास के पास ट्रक चालक विपिन ने ओवरटेक करने की कोशिश में कर्मवीर की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कांस्टेबल बाइक से गिर गए और ट्रक से कुछ मीटर तक घसीटते चले गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कर्मवीर की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने ट्रक चालक को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया है।

