दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में ऑडी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, मासूम को सिर में चोट; ड्राइवर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 19 जून (पीटीआई) — दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें 18 महीने की एक बच्ची को सिर में चोट आई। पुलिस ने बताया कि हादसे में बच्ची सहित उसके माता-पिता घायल हुए हैं।

ऑडी कार के ड्राइवर की पहचान 21 वर्षीय रशित कुमार के रूप में हुई है, जो ओल्ड राजेंद्र नगर का निवासी है। हादसे के तुरंत बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति की पहचान 29 वर्षीय परवेज के रूप में हुई है, जो ओखला के जामिया नगर का निवासी है। उसकी पत्नी (31) और 18 महीने की बेटी पीछे बैठी थीं। परिवार भोगल चौक से गुजर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि तीनों को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस को सुबह 3:20 बजे हजरत निजामुद्दीन थाने में पीसीआर कॉल मिली थी कि भोगल चौक के पास ऑडी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

मौके पर एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल सड़क किनारे पड़ी मिली। शुरुआती जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल को ऑडी कार ने टक्कर मारी थी।

डीसीपी ने बताया, “तीनों घायलों को पीसीआर वैन से एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। परवेज और उसकी पत्नी का इलाज कर छुट्टी दे दी गई, जबकि उनकी बेटी को सिर में हल्की चोट के कारण निगरानी में रखा गया था। अब उसे भी छुट्टी मिल गई है।”

डीसीपी ने कहा कि सभी चोटें साधारण पाई गई हैं और हादसे में किसी की जान नहीं गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे के वक्त लोगों ने ऑडी को घेर लिया था और ड्राइवर रशित को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

हजरत निजामुद्दीन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 125(ए) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और पूरी घटना की जांच जारी है।

अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

पीटीआई SSJ AMJ AMJ