दिल्ली: महिला को छत से धक्का देकर हत्या करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 23 जून (पीटीआई) — उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर इलाके में 26 वर्षीय एक युवक को अपनी 19 वर्षीय महिला मित्र को बहस के बाद उसके घर की छत से धक्का देकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी तौफीक, उत्तर प्रदेश के रामपुर का निवासी है, जिसे मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तौफीक और युवती के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन युवती इस बात से नाराज़ थी कि तौफीक किसी और लड़की से शादी कर रहा है। सोमवार सुबह तौफीक बुरखा पहनकर युवती के घर की पांचवीं मंजिल पर पहुँचा, जहाँ दोनों के बीच तीखी बहस हुई। बहस के दौरान तौफीक ने युवती को उसकी दुपट्टे से गला दबाने की कोशिश की और फिर छत से नीचे धक्का दे दिया।

घटना के वक्त युवती पानी देखने और कपड़े धोने के लिए छत पर गई थी। उसके पिता भी उसी समय छत की ओर जा रहे थे और उन्होंने घटना को होते देखा। स्थानीय लोगों ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने हत्या की धारा (भारतीय न्याय संहिता की धारा 103) जोड़ते हुए मामला दर्ज किया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

युवती के परिवार ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।