दिल्ली: महिला को छत से धक्का देकर हत्या करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 23 जून (पीटीआई) — उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर इलाके में 26 वर्षीय एक युवक को अपनी 19 वर्षीय महिला मित्र को छत से धक्का देकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी तौफीक, उत्तर प्रदेश के रामपुर का निवासी है। सोमवार सुबह तौफीक बुरखा पहनकर युवती के घर की पांचवीं मंजिल पर गया था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस के बाद तौफीक ने युवती को छत से धक्का दे दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और युवती इस बात से नाराज थी कि तौफीक किसी और से शादी कर रहा है।

घटना के बाद युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़कर मामला दर्ज किया।

यह घटना सोमवार सुबह हुई और करीब 8:30 बजे ज्योति नगर पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट की गई।

पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के पूरे क्रम का पता चल सके।

पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी तौफीक को गिरफ्तार कर लिया।