तेलंगाना फार्मा प्लांट विस्फोट: सिगाची ने कहा—यूनिट पूरी तरह बीमित, प्रभावितों को हरसंभव सहायता का आश्वासन

नई दिल्ली/संगारेड्डी (तेलंगाना), 30 जून (पीटीआई) — सिगाची इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पाशमायलाराम (हैदराबाद) स्थित यूनिट में सोमवार को हुए भीषण विस्फोट में 12 लोगों की मौत और 34 से अधिक लोग घायल हो गए। कंपनी ने घोषणा की है कि यह यूनिट पूरी तरह बीमित है और उत्पादन 90 दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

कंपनी ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और कहा है कि सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।

इस विस्फोट के कारण संयंत्र के मुख्य निर्माण ढांचे के साथ-साथ सहायक उपकरण और सिविल स्ट्रक्चर को भी नुकसान पहुंचा है। कंपनी ने बताया कि क्षतिग्रस्त उपकरणों और संरचनाओं की मरम्मत और प्रतिस्थापन के लिए 90 दिनों के लिए उत्पादन रोक दिया गया है।

सिगाची ने अपने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा, “हैदराबाद सुविधा पूरी तरह बीमित है और हम मानक प्रक्रियाओं के अनुसार बीमा दावों की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। हम सुरक्षा, जोखिम न्यूनीकरण और संचालन उत्कृष्टता पर और अधिक ध्यान देने के साथ जल्द से जल्द परिचालन फिर से शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य दो गुजरात स्थित संयंत्र सामान्य रूप से चल रहे हैं और इस दौरान वहां से उत्पादन बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस हादसे के बाद सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयरों में 11.5% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और बीएसई पर 48.79 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए।

सरकारी अधिकारियों के अनसार, विस्फोट संयंत्र के रिएक्टर में संभावित खराबी के कारण हुआ, जिससे आग तेजी से फैली और बचाव कार्य में भी कठिनाई आई। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों को सहायता देने का वादा किया है।

घटना की जांच जारी है और कंपनी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कर रही है।