नई दिल्ली, 30 जून (पीटीआई) — शाहदरा बार एसोसिएशन ने सोमवार को घोषणा की कि नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स (एनआई) एक्ट के तहत चलने वाली डिजिटल कोर्ट्स के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर से राउस एवेन्यू कोर्ट्स में स्थानांतरित किए जाने के विरोध में मंगलवार (1 जुलाई) को वे कामकाज से पूरी तरह विरत रहेंगे।
एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की 28 जून को हुई आपात बैठक में यह मुद्दा उठाया गया कि डिजिटल कोर्ट्स के स्थानांतरण के कारण वकीलों और वादकारियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से इस कदम का विरोध करने और 1 जुलाई को कड़कड़डूमा कोर्ट्स में कोई भी वकील काम नहीं करेगा, यह निर्णय लिया गया।
नोटिस में कहा गया है कि सभी से सहयोग की अपील की जाती है और कोई भी वकील न तो शारीरिक रूप से और न ही वर्चुअली किसी भी अदालत में पेश न हो। यदि कोई वकील ऐसा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस नोटिस पर एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास के हस्ताक्षर हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. के. सिंह ने भी इस निर्णय की पुष्टि की है।

