नई दिल्ली, 4 जुलाई (पीटीआई) — शुक्रवार को बेंगलुरु मंडल के मैसूर से लगभग 60 किमी दूर चन्नपट्टना स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब पैलेस क्वीन हमसफर एक्सप्रेस के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ने इंजन में लगी आग को अग्निशामक यंत्र की मदद से बुझा दिया।
दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी मंजनाथ कानमडी ने कहा, “आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।”
कानमडी ने बताया, “यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई, जब ट्रेन मैसूर से उदयपुर की ओर जा रही थी। इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है।”
उन्होंने कहा कि जैसे ही क्रू ने इंजन के एक हिस्से में आग देखी, उन्होंने तुरंत अग्निशामक यंत्र का उपयोग कर आग को नियंत्रित कर लिया और उसे फैलने नहीं दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का एक संभावित कारण तेल का रिसाव हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इंजन को ट्रेन से अलग कर दिया गया और एक घंटे के भीतर दूसरा इंजन उपलब्ध करा दिया गया।
कानमडी ने कहा, “इस घटना के कारण ट्रेन एक घंटे तक रुकी रही, लेकिन अन्य ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।” PTI JP AS AS

