लंदन, 13 जुलाई (एपी):
लंदन साउथेंड हवाईअड्डे पर एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही रविवार को आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं।
विमान कहां जा रहा था और उसमें कितने लोग सवार थे, इस संबंध में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई।
सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में, हवाईअड्डे ने इस घटना को एक “गंभीर घटना” बताया और कहा कि यह एक सामान्य विमानन विमान (जनरल एविएशन एयरक्राफ्ट) से जुड़ी थी।
बाद में हवाईअड्डे ने घोषणा की कि सभी उड़ानें अगली सूचना तक रद्द कर दी गई हैं, जबकि पुलिस, आपातकालीन सेवाएं और विमान जांच एजेंसियां इस घटना का आकलन कर रही हैं।
ब्रिटिश मीडिया के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक चिकित्सा परिवहन जेट था, जिसमें मरीजों को ले जाने के लिए मेडिकल सिस्टम लगे थे। यह एक बीचक्राफ्ट B200 सुपर किंग एयर विमान था, जो नीदरलैंड की ओर जा रहा था।
दुर्घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें सामने आईं, जिनमें दुर्घटनास्थल से आग और काले धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाई दिया। बताया गया कि विमान की लंबाई करीब 12 मीटर (39 फीट) थी।
प्रत्यक्षदर्शी जॉन जॉनसन, जो अपने परिवार के साथ हवाईअड्डे पर मौजूद थे, ने बताया कि उन्होंने विमान को “सीधे जमीन में सिर के बल गिरते हुए” देखा।
उन्होंने कहा, “विमान ने उड़ान भरी और तीन-चार सेकंड के भीतर ही वह बाईं ओर तेजी से झुकने लगा, फिर कुछ ही सेकंड में उल्टा होकर सिर के बल जमीन से टकरा गया।”
“फिर एक बहुत बड़ा आग का गोला बना।”
जॉनसन ने यह भी कहा कि टेक-ऑफ से पहले उन्होंने और उनके परिवार ने पायलटों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया और “पायलटों ने भी हमें जवाब में हाथ हिलाया।”
दुर्घटना के तुरंत बाद हवाईअड्डे की फायर सर्विस ने प्रतिक्रिया दी, दो दमकल वाहन मौके पर भेजे गए, और उसके बाद स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस और दमकल सेवाएं वहां पहुंचीं।
एस्सेक्स पुलिस ने कहा कि उन्हें स्थानीय समयानुसार दोपहर 4 बजे से कुछ पहले इस “गंभीर घटना” की जानकारी मिली। यह छोटा हवाईअड्डा राजधानी से लगभग 72 किलोमीटर (45 मील) पूर्व में स्थित है।
पुलिस ने कहा, “हम सभी आपातकालीन सेवाओं के साथ मिलकर घटनास्थल पर काम कर रहे हैं और यह काम कई घंटों तक चलेगा।”
क्षेत्रीय सांसद डेविड बर्टन-सैम्पसन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और आपातकालीन सेवाओं को उनका कार्य करने दें।
उन्होंने कहा, “मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं।”
(एपी) NB NB

