बिहार में बाढ़ से 16 लाख लोग प्रभावित, बचाव अभियान जारी

Uttarkashi: NDRF and security personnel amid efforts to drain a lake formed in the wake of the flash floods in the disaster-hit Harsil area a week ago, in Uttarkashi district, Uttarakhand, Monday, Aug. 11, 2025. (PTI Photo) (PTI08_11_2025_000337B)

पटना, 11 अगस्त (भाषा) बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मूसलधार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जिससे 16 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बचाव कार्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 32 टीमें लगाई गई हैं।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘भोजपुर, पटना, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, सारण, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय सहित विभिन्न जिलों में लगातार बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं… इसके अलावा, नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के चलते कई स्थानों पर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।’’

आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों की बारिश ने गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा नदियों के जलस्तर को बढ़ा दिया है। ये नदियां भोजपुर, पटना, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, सारण, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।’’

विभाग के अनुसार, वर्तमान में राज्य में 16 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने ‘भाषा’ को बताया, ‘‘गंडक और कोसी नदियों के नेपाल-स्थित जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा और बिहार में कई नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग के सभी संबंधित प्रकोष्ठों को सतर्क मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि यदि स्थिति और बिगड़ती है तो अधिक राहत शिविर और सामुदायिक रसोई केंद्र स्थापित करने के लिए संबंधित जिलों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

भाषा पीकेडी आरबीटी