
लखनऊ, 14 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए उन्हें “राजनेता” बताया, जो अगली पीढ़ी के बारे में सोचते हैं।
मानसून सत्र के चौथे दिन ‘विजन-2047’ दस्तावेज पर 24 घंटे के मैराथन चर्चा के दौरान बोलते हुए महाना ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “जो नेता अगली पीढ़ी के बारे में सोचते हैं, वे राजनेता होते हैं। वे देश और समाज को ऊँचाइयों पर ले जाते हैं। वर्तमान प्रधानमंत्री एक राजनेता हैं, और मुख्यमंत्री भी इसी दिशा में सोचते और कार्य करते हैं।”
महाना ने विकसित भारत की परिकल्पना करने के लिए मोदी की सराहना की और कहा कि उनका 2047 का दृष्टिकोण ‘राम राज्य’ स्थापित करने का है — एक ऐसी स्थिति, जहां “कोई गरीब या पीड़ित न हो।”
उन्होंने कहा, “भारत को कभी ‘सोने की चिड़िया’ कहा जाता था, लेकिन विदेशी आक्रमणकारियों और शासकों ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया। प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहा है और 2047 तक सर्वश्रेष्ठ बन जाएगा।”
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है और 2047 तक देश अपनी गौरवशाली पहचान वापस पाएगा और फिर से ‘सोने की चिड़िया’ कहलाएगा। महाना ने इन परिवर्तनकारी लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए मोदी और आदित्यनाथ दोनों को श्रेय दिया।
विधानसभा में जारी चर्चा ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ शीर्षक से बुधवार को शुरू हुई थी।
यह चर्चा प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को उत्तर प्रदेश के समानांतर लक्ष्य — एक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनने — से जोड़ती है, जब राष्ट्र स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा।
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, पीएम मोदी एक ‘राजनेता’, अगली पीढ़ी के बारे में सोचते हैं: यूपी स्पीकर
