पीएम जन धन योजना ने लोगों को अपनी किस्मत लिखने की ताकत दी: मोदी

The PM Jan Dhan Yojana

नई दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री जन धन योजना के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि इस योजना ने लोगों को अपनी किस्मत खुद लिखने की ताकत दी है और जब अंतिम व्यक्ति तक वित्तीय जुड़ाव होता है तो पूरा राष्ट्र एक साथ आगे बढ़ता है।

प्रधानमंत्री जन धन योजना, जिसे 28 अगस्त 2014 को शुरू किया गया था, वित्तीय समावेशन पर एक राष्ट्रीय मिशन है। इसका उद्देश्य देश के हर घर को समग्र रूप से वित्तीय सेवाओं से जोड़ना है।

इस योजना का लक्ष्य है:

  1. प्रत्येक घर के लिए कम से कम एक बुनियादी बैंक खाता
  2. वित्तीय साक्षरता
  3. ऋण तक पहुंच
  4. बीमा और पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराना।

एक्स (X) पर पोस्ट में मोदी ने कहा, “जब अंतिम छोर तक वित्तीय जुड़ाव होता है तो पूरा देश एक साथ आगे बढ़ता है। यही काम प्रधानमंत्री जन धन योजना ने किया। इसने गरिमा बढ़ाई और लोगों को अपनी किस्मत खुद लिखने की ताकत दी।”

प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में ‘माईगव’ (MyGov) का संदेश साझा किया जिसमें बताया गया कि जन धन योजना ने कैसे भारत भर में जीवन को बदल दिया।

‘माईगव’ की पोस्ट में कहा गया, “गणित के सूत्र नहीं, बल्कि भारत की प्रगति के सूत्र। भारत की वित्तीय क्रांति एक विचार से प्रेरित है: नवाचार के जरिए समावेशन। अंतिम छोर तक बैंकिंग से लेकर महिला नेतृत्व वाले सशक्तिकरण तक, पारदर्शी डीबीटी ट्रांसफर से लेकर शासन में विश्वास तक, प्रधानमंत्री जन धन योजना ने भारत में बैंकिंग, बचत और विकास के तरीके को बदल दिया।”

एक अन्य पोस्ट में कहा गया, “11 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत से वादा किया था कि कोई भी गरीब परिवार बैंकिंग की दुनिया से बाहर नहीं रहेगा। जन धन केवल खातों तक सीमित नहीं था, यह एक माँ को गरिमा के साथ बचत करने का अवसर देने, किसान को बिना बिचौलियों के सहयोग दिलाने और एक गाँववाले को देश की प्रगति का हिस्सा महसूस कराने के बारे में था।”

“प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि ने वित्तीय समावेशन को हकीकत बना दिया, हर घर में आशा और हर जीवन में आत्मविश्वास जगाया।”

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग्स: #swadesi, #News, पीएम जन धन योजना ने लोगों को अपनी किस्मत लिखने की ताकत दी: मोदी