जम्मू, 31 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस हफ्ते की शुरुआत में बादल फटने और रिकॉर्ड बारिश से आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहे हैं।
शाह रविवार शाम को जम्मू पहुंचेंगे। उनका यह दो दिवसीय दौरा है जिसके दौरान वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और सोमवार को राजभवन में उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
14 अगस्त से किश्तवाड़, कठुआ, रियासी और रामबन जिलों में बादल फटने, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में 130 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, 120 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 33 लोग अब भी लापता हैं।
26-27 अगस्त को हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण निचले इलाकों में भी बाढ़ आ गई, जिससे सार्वजनिक और निजी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।
अब्दुल्ला ने कहा, “गृह मंत्री यहां केवल भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद की स्थिति का जायजा लेने और केंद्र से हमारी ज़रूरतों पर चर्चा करने आ रहे हैं। उनका कोई और उद्देश्य नहीं है। वे सुरक्षा या विकास की समीक्षा के लिए नहीं आ रहे हैं।”
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति की समीक्षा करने के बाद उधमपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सोमवार को राजभवन में होने वाली बैठक में गृह मंत्री के समक्ष विस्तृत रिपोर्ट पेश करेंगे।
श्रेणी: ताज़ा खबर
SEO टैग्स: #swadesi, #News, गृह मंत्री शाह केवल बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने जम्मू-कश्मीर जा रहे हैं: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

