
श्रीनगर, 31 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को उम्मीद जताई कि कॉरपोरेट इंडिया अपनी सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) निधियों का इस्तेमाल कर केंद्र शासित प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में योगदान देगा।
अब्दुल्ला की यह टिप्पणी ऐसे समय आई जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों का विशेष उल्लेख किया।
अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “जम्मू-कश्मीर के लड़के-लड़कियों की खेलों में गहरी रुचि को उजागर करने के लिए आपका धन्यवाद @narendramodi जी। जम्मू-कश्मीर का युवा न तो प्रतिभा में और न ही उत्साह में पीछे है; दुर्भाग्य से, उन्हें अवसर और exposure की कमी है। प्रधानमंत्री जी का यह विशेष उल्लेख निश्चित रूप से युवाओं के उत्साह को और बढ़ाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे उम्मीद है कि कॉरपोरेट इंडिया अपनी सीएसआर निधियों का इस्तेमाल कर जम्मू-कश्मीर में खेलों का बुनियादी ढांचा विकसित करने में योगदान देगा।”
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर की दो विशेष उपलब्धियों का जिक्र किया – पहला ‘खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल (KIWSF)’ का सफल आयोजन और पुलवामा में पहली बार आयोजित डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट।
मोदी ने श्रीनगर के 18 वर्षीय मोहसिन अली से भी बात की, जिन्होंने डल झील पर आयोजित पहले वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में 1000 मीटर कायाकिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
अली ने पीटीआई से कहा, “प्रधानमंत्री से बात कर मैं रोमांचित था। उनके शब्द केवल मेरे लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेंगे, जो देश का प्रतिनिधित्व सबसे बड़े स्तर पर करना चाहते हैं।”
प्रधानमंत्री ने ओडिशा की कैनोइंग चैंपियन रश्मिता साहू से भी बातचीत की।
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
SEO टैग्स: #swadesi, #News, जम्मू-कश्मीर सीएम अब्दुल्ला को उम्मीद, कॉरपोरेट इंडिया सीएसआर फंड से खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में मदद करेगा
