
जलालाबाद (अफगानिस्तान), 21 सितम्बर (एपी) तालिबान सरकार ने रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बगराम एयर बेस को दोबारा हासिल करने के प्रयास को खारिज कर दिया। यह कदम ऐसे समय में आया है जब अफगानिस्तान से अमेरिका की अव्यवस्थित वापसी के चार साल बाद यह विशाल सैन्य अड्डा तालिबान के कब्जे में चला गया था।
यह स्पष्ट नहीं है कि अफगान अधिकारियों के साथ अमेरिका की इस मुद्दे पर क्या बातचीत हुई है। लेकिन ट्रंप ने संकेत दिया कि तालिबान, जो 2021 में सत्ता में वापसी के बाद से आर्थिक संकट, अंतरराष्ट्रीय मान्यता की कमी, आंतरिक मतभेदों और प्रतिद्वंद्वी आतंकी संगठनों से जूझ रहे हैं, संभवतः अमेरिकी सेना को वापस आने देने के लिए तैयार हो सकते हैं।
तालिबान के मुख्य प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने ट्रंप के दावों को खारिज किया और अमेरिका से “यथार्थवाद और तर्कसंगतता” की नीति अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अफगानिस्तान की विदेश नीति अर्थव्यवस्था-उन्मुख थी और वह सभी देशों के साथ साझा एवं परस्पर हितों के आधार पर रचनात्मक संबंध चाहता है।
उन्होंने कहा कि सभी द्विपक्षीय वार्ताओं में लगातार अमेरिका को यह स्पष्ट कर दिया गया था कि अफगानिस्तान की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता सर्वोच्च महत्व की है। उन्होंने कहा, “यह याद किया जाना चाहिए कि दोहा समझौते के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका ने यह वादा किया था कि वह अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बल का उपयोग या धमकी नहीं देगा और न ही उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करेगा।” उन्होंने जोड़ा कि अमेरिका को अपने वादों के प्रति वफादार रहना चाहिए।
मुजाहिद ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के उन सवालों का जवाब नहीं दिया जिनमें ट्रंप प्रशासन के साथ बगराम को लेकर हुई बातचीत और इस बारे में ट्रंप के विश्वास के कारण पूछे गए थे कि अमेरिका इसे फिर से हासिल कर सकता है।
पिछले साल अगस्त में तालिबान ने बगराम में छोड़े गए अमेरिकी सैन्य उपकरणों की भव्य प्रदर्शनी के साथ अपने कब्जे की तीसरी वर्षगांठ मनाई थी, जिसने व्हाइट हाउस का ध्यान खींचा था। ट्रंप बार-बार अपने पूर्ववर्ती जो बाइडेन की “घोर अक्षमता” की आलोचना कर चुके हैं, जब अमेरिका ने देश के सबसे लंबे युद्ध के बाद अपनी सेनाएं वापस बुला ली थीं। (एपी) आरडी आरडी
श्रेणी: ताज़ा ख़बरें
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, तालिबान ने अफगानिस्तान में बगराम एयर बेस दोबारा हासिल करने के ट्रंप के प्रयास को खारिज किया
