कीव, 23 सितंबर (एपी) रूस ने कहा कि उसने मॉस्को की ओर बढ़ रहे करीब तीन दर्जन यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जबकि यूक्रेन ने दावा किया कि रूसी मिसाइलों, ड्रोन और बमों ने कम से कम दो नागरिकों की जान ले ली। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में विश्व नेताओं की बैठक के दौरान अपने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के प्रयास जारी रखे हुए हैं।
रूस की बड़ी और ताक़तवर सेना से तीन साल से भी अधिक समय से जारी जंग में यूक्रेनी सैनिक मोर्चे पर दबाव झेल रहे हैं। इस बीच ज़ेलेंस्की इस सप्ताह न्यूयॉर्क में एकत्र हुए नेताओं से मुलाकात करेंगे।
जनवरी में दोबारा सत्ता में लौटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुरू की गई शांति प्रक्रिया फिलहाल ठप नज़र आ रही है। ट्रंप की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलास्का शिखर वार्ता और ज़ेलेंस्की व यूरोपीय नेताओं के साथ व्हाइट हाउस में हुई बैठक को एक महीने से अधिक हो गया है, लेकिन युद्ध थमा नहीं है।
ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने सोमवार देर रात न्यूयॉर्क में ट्रंप के विशेष दूत कीथ केलॉग से मुलाकात की। दोनों ने ड्रोन निर्माण और अमेरिकी हथियार खरीद पर सहयोग समझौतों पर चर्चा की।
यूरोपीय नेताओं ने ज़ेलेंस्की के कूटनीतिक प्रयासों का समर्थन किया है, हालांकि गाज़ा में इज़राइल-हमास युद्ध संयुक्त राष्ट्र में प्रमुख मुद्दा बन सकता है। कुछ यूरोपीय देशों ने चेतावनी दी है कि रूसी उकसावे के चलते युद्ध यूक्रेन से बाहर भी फैल सकता है।
नाटो सहयोगी मंगलवार को एस्टोनिया के अनुरोध पर औपचारिक परामर्श करेंगे। एस्टोनिया का कहना है कि पिछले हफ्ते तीन रूसी लड़ाकू विमान उसकी हवाई सीमा में बिना अनुमति के घुस आए थे।
इस बीच, 24 फरवरी 2022 से शुरू हुई यह जंग अब भी यूक्रेनी नागरिकों पर भारी पड़ रही है।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि 2024 की तुलना में 2025 के पहले आठ महीनों में यूक्रेनी नागरिक हताहतों की संख्या 40 प्रतिशत बढ़ गई है। इसका कारण रूस की लंबी दूरी की मिसाइलें और स्थानीय स्तर पर ड्रोन हमले हैं।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया कि रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी इलाकों में हिरासत में लिए गए हजारों नागरिक बेहद खराब हालात में हैं। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि “रूसी अधिकारियों ने बंदी बनाए गए यूक्रेनी नागरिकों के साथ व्यापक और व्यवस्थित रूप से यातना, उत्पीड़न और यौन हिंसा की है।”
यूक्रेन के दक्षिणी शहर ज़ापोरिज़्ज़िया पर रूसी विमानों ने पांच ग्लाइड बम गिराए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेडोरोव ने मंगलवार को बताया।
दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र में रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों ने तातारबुनारी कस्बे के केंद्र को निशाना बनाया, जिससे एक महिला की मौत हो गई, क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह किपर ने कहा।
यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूस ने सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक यूक्रेन पर तीन इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइलें और 115 स्ट्राइक व धोखा देने वाले ड्रोन दागे। इनमें से 103 ड्रोन को गिरा दिया गया या जाम कर दिया गया, लेकिन 12 ड्रोन और तीन मिसाइलें छह जगहों पर अपने लक्ष्य तक पहुंच गईं।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि राजधानी की ओर उड़ रहे 40 से अधिक यूक्रेनी ड्रोन सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक मार गिराए गए।
हमलों के चलते मॉस्को के शेरेमेतेवो हवाईअड्डे पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जिससे कई उड़ानों में देरी और रद्दीकरण हुआ।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को दावा किया कि उसने कई रूसी क्षेत्रों और कब्जाए गए क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर से 69 यूक्रेनी ड्रोन को रोक दिया।
(एपी) आरडी आरडी
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, रूस-यूक्रेन में ड्रोन, मिसाइल और बमबारी; ज़ेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र में मांगी मदद

