
मैनचेस्टर, 21 नवम्बर (एपी) प्रीमियर लीग की टीमों ने शुक्रवार को इंग्लैंड की शीर्ष फ़ुटबॉल प्रतियोगिता में अगले सीज़न से खर्च की सीमा लागू करने पर सहमति जताई।
क्लबों के ऑन-फील्ड खर्च को उनकी फुटबॉल आय और खिलाड़ियों की बिक्री से हुए शुद्ध लाभ या हानि के कुल 85% तक सीमित किया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त 30% खर्च की भी अनुमति होगी — लेकिन यदि क्लब इस सीमा को पार करते हैं तो उन्हें अंकों की कटौती का सामना करना पड़ेगा।
इंग्लिश फुटबॉल के शीर्ष क्लबों ने नए “स्क्वाड कॉस्ट रेशियो” (SCR) और “सस्टेनेबिलिटी एंड सिस्टमेटिक रेज़िलिएंस” (SSR) वित्तीय नियमों को लागू करने के लिए मतदान किया। ये नियम “प्रॉफिटेबिलिटी एंड सस्टेनेबिलिटी रूल्स” (PSR) की जगह ले रहे हैं, जिनके चलते हाल के वर्षों में एवर्टन और नॉटिंघम फॉरेस्ट को अंकों की कटौती झेलनी पड़ी थी।
लीग ने कहा कि नए नियम यूरोपीय फुटबॉल की शासी निकाय यूईएफए के मानकों के अधिक अनुरूप हैं।
लीग ने कहा कि ये नए नियम “सभी क्लबों को अधिक सफलता की आकांक्षा रखने का अवसर प्रदान करते हैं, जबकि प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन और लीग की रोचक प्रकृति की रक्षा करते हैं।”
स्क्वाड खर्च में खिलाड़ियों और हेड कोच के वेतन, एजेंट शुल्क और ट्रांसफर फीस शामिल हैं।
फुटबॉल से संबंधित राजस्व का अर्थ क्लब की फुटबॉल गतिविधियों से होने वाली कमाई है — जिसमें लीग और अन्य प्रतियोगिताओं से मिलने वाला राजस्व शामिल है।
लीग ने कहा कि क्लब द्वारा उत्पन्न राजस्व में वाणिज्यिक सौदे और स्टेडियम में आयोजित गैर-फुटबॉल कार्यक्रमों (जैसे संगीत कार्यक्रम) से होने वाला शुद्ध लाभ भी शामिल हो सकता है।
PSR में क्लबों के लाभ में सभी तरह के राजस्व और खर्च शामिल होते थे, बजाय इसके कि मैदान पर होने वाले खर्च पर ध्यान केंद्रित किया जाए।
लीग ने कहा, “स्क्वाड खर्च पर ध्यान केंद्रित करने से SCR क्लबों को अपने संचालन के अन्य पहलुओं में निवेश करने की अधिक स्वतंत्रता देता है।”
SCR वार्षिक आधार पर खर्च की सीमा तय करेगा, जबकि पहले तीन साल की रोलिंग अवधि में वित्तीय प्रदर्शन का आकलन किया जाता था।
अतिरिक्त 30% की सीमा के भीतर 85% कैप को पार करने पर क्लबों पर जुर्माना लगाया जाएगा। यदि कोई क्लब इससे आगे निकलकर “रेड थ्रेशोल्ड” में प्रवेश करता है, तो खेल संबंधी कड़ी सज़ाएं दी जाएंगी।
नए वित्तीय नियमों का दूसरा हिस्सा “सस्टेनेबिलिटी एंड सिस्टमेटिक रेज़िलिएंस” पर आधारित है, जिसका उद्देश्य सभी क्लबों की अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को मजबूत करना है। इसके तहत प्रत्येक प्रीमियर लीग क्लब की कार्यशील पूंजी, तरलता और सकारात्मक इक्विटी का परीक्षण किया जाएगा।
(एपी) ATK
