
नई दिल्ली, 4 दिसंबर (पीटीआई) अभिनेत्री यामी गौतम ने बॉलीवुड में फिल्मों के प्रमोशन के लिए पेड हाइप बनाने की प्रथा की कड़ी आलोचना की है। अपने पति आदित्य धर की फिल्म “धुरंधर” की रिलीज से पहले, उन्होंने कहा कि यह चलन भविष्य में फिल्म उद्योग को बड़े पैमाने पर प्रभावित करेगा।
37 वर्षीय अभिनेत्री ने गुरुवार को एक्स पर एक नोट साझा कर फिल्म के इर्द-गिर्द हो रही नकारात्मक प्रचार गतिविधियों की निंदा की। फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
उन्होंने लिखा, “काफी समय से मैं यह बात कहना चाहती थी और आज वह दिन है जब मैं इसे कह रही हूं। किसी फिल्म की मार्केटिंग के नाम पर पैसे देकर ‘हाइप’ बनाना, वरना ‘वे’ लगातार नकारात्मक बातें लिखते रहेंगे (फिल्म रिलीज होने से पहले भी), जब तक कि आप उन्हें पैसे न दे दें — यह किसी उगाही जैसा लगता है।”
उन्होंने कहा कि यह ट्रेंड किसी भी फिल्म के लिए ‘हाइप’ बनाने या किसी अन्य अभिनेता/फिल्म के खिलाफ नकारात्मकता फैलाने का आसान तरीका बन गया है, जो उद्योग के भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करेगा।
गौतम ने कहा कि जब इस तरह की सच्चाई सामने आएगी, तो यह कई लोगों के लिए अच्छा नहीं होगा।
“उरी”, “बाला” और “विकी डोनर” जैसी फिल्मों के लिए जानी जाने वाली यामी ने इस स्थिति की तुलना दक्षिण भारतीय सिनेमा से की और कहा कि वहां कलाकार एकजुट रहते हैं, इसलिए ऐसे ‘ट्रेंड’ नहीं चलते। हिंदी फिल्म उद्योग में भी यही करने की जरूरत है।
उन्होंने लिखा, “मैं यह इसलिए कह रही हूं क्योंकि मेरे पति एक ईमानदार इंसान हैं जिन्होंने अपनी मेहनत, विज़न और लगन से इस फिल्म को बनाया है। एक ऐसे सदस्य के रूप में यह कह रही हूं जो चाहता है कि भारतीय सिनेमा अपनी पूरी क्षमता के साथ फूले-फले।”
उन्होंने उद्योग के माहौल को सुरक्षित रखने की अपील की।
ऋतिक रोशन ने भी एक्स पर उनका समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे पेड प्रैक्टिस में पत्रकारों की असली आवाज खो जाती है और फिल्म निर्माताओं तक सच्ची प्रतिक्रिया नहीं पहुंच पाती।
उन्होंने लिखा, “सच्ची राय ही हमें विकसित होने में मदद करती है। अभिव्यक्ति की आजादी के बिना, सत्य के बिना — हम क्या सीखेंगे और क्या संतोष मिलेगा?”
“धुरंधर” में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अभिनय कर रहे हैं।
पीटीआई ATR ATR BK BK
