विश्व कप विजेता को मिलेगा 5 करोड़ डॉलर का इनाम, क्लब वर्ल्ड कप में चेल्सी की कमाई से आधा

xr:d:DAEp475y99I:2262,j:8741891840368921316,t:23100415

मैनचेस्टर, 18 दिसंबर (एपी)

फीफा ने बुधवार को घोषणा की कि 2026 फुटबॉल विश्व कप जीतने वाली टीम को 65.5 करोड़ डॉलर के रिकॉर्ड पुरस्कार कोष में से 5 करोड़ डॉलर मिलेंगे। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब टूर्नामेंट के टिकट दामों को लेकर काफी आलोचना हो रही है।

यह राशि 2022 में अर्जेंटीना को मिले 4.2 करोड़ डॉलर और 2018 में फ्रांस को मिले 3.8 करोड़ डॉलर से अधिक है, लेकिन इस साल अपेक्षाकृत कम चर्चा वाले क्लब वर्ल्ड कप को जीतने पर चेल्सी ने जो कमाई की, उसके आधे से भी कम है।

11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले 2026 विश्व कप का कुल पुरस्कार कोष 2022 के कतर विश्व कप के 44 करोड़ डॉलर की तुलना में 48.9 प्रतिशत अधिक है।

2026 का यह पुरस्कार कोष 2023 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में हुए महिला विश्व कप के 11 करोड़ डॉलर के इनाम से लगभग छह गुना है। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो ने 2023 में लक्ष्य रखा था कि पुरुषों और महिलाओं के अगले विश्व कप में समान पुरस्कार राशि दी जाएगी। अगला महिला विश्व कप 2027 में ब्राज़ील में होना है।

क्लब वर्ल्ड कप, जिसे विवादास्पद रूप से सात टीमों से बढ़ाकर 32 टीमों का कर दिया गया और पिछले साल फुटबॉल कैलेंडर में जबरन शामिल किया गया, उसका कुल पुरस्कार कोष 1 अरब डॉलर था। चेल्सी ने यह टूर्नामेंट जीतकर अधिकतम 12.5 करोड़ डॉलर कमाए। इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों और लीगों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा था और कुछ मैचों में दर्शकों की संख्या भी कम रही।

फीफा के राष्ट्रीय टीम और क्लब टूर्नामेंटों के लिए पुरस्कार वितरण के मॉडल अलग-अलग हैं। इनाम में अंतर का कारण क्लबों की राष्ट्रीय टीमों की तुलना में अधिक वेतन लागत जैसे कारक हैं।

पुरस्कार राशि के अलावा, वैश्विक स्तर पर फुटबॉल के विकास के लिए भी धन आवंटित किया जाता है। इन्फैंटिनो ने कहा कि विश्व कप “वैश्विक फुटबॉल समुदाय में वित्तीय योगदान के लिहाज से ऐतिहासिक” होगा।

यूरोप में भी क्लब और राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंटों के पुरस्कार में बड़ा अंतर है। पिछले साल यूरोपीय चैंपियनशिप (यूरो) जीतने वाली टीम को अधिकतम 2.85 करोड़ यूरो (लगभग 3.35 करोड़ डॉलर) मिले, जबकि उसी साल चैंपियंस लीग जीतने पर रियल मैड्रिड ने लगभग 15.4 करोड़ डॉलर कमाए। दोनों प्रतियोगिताएं यूरोपीय फुटबॉल की शासी संस्था यूईएफए द्वारा आयोजित की जाती हैं।

फीफा परिषद की दोहा में हुई बैठक में विश्व कप की पुरस्कार राशि को मंजूरी दी गई। मार्च में फीफा ने 2026 तक के मौजूदा चार वर्षीय चक्र में 13 अरब डॉलर की आय का अनुमान लगाया था, जो 2019-22 के 7.5 अरब डॉलर से कहीं अधिक है।

विस्तारित 2026 विश्व कप में भाग लेने वाले सभी 48 राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघों को तैयारी खर्च के लिए 15 लाख डॉलर और ग्रुप चरण में भागीदारी के लिए 90 लाख डॉलर मिलेंगे, जो 2022 टूर्नामेंट के बराबर है।

नए राउंड ऑफ 32 में पहुंचने वाली टीमों को 1.1 करोड़ डॉलर, राउंड ऑफ 16 में पहुंचने पर 1.5 करोड़ डॉलर मिलेंगे। क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को 1.9 करोड़ डॉलर, चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.7 करोड़ डॉलर, तीसरे स्थान की टीम को 2.9 करोड़ डॉलर और फाइनल हारने वाली टीम को 3.3 करोड़ डॉलर दिए जाएंगे।

भागीदारी शुल्क सहित, फीफा कुल 72.7 करोड़ डॉलर की राशि 48 महासंघों में वितरित करेगा।

प्रत्येक महासंघ अपने खिलाड़ियों को भुगतान की राशि स्वयं तय करता है। फ्रांस के खेल दैनिक लेकीप के अनुसार, यदि फ्रांस 2022 में खिताब जीतता तो उसके खिलाड़ियों को महासंघ से लगभग 5.86 लाख डॉलर का बोनस मिलता। हालांकि, फाइनल में फ्रांस को अर्जेंटीना से हार का सामना करना पड़ा था।

अमेरिकी सॉकर महासंघ के 2022 के सामूहिक समझौतों के तहत, 2026 में पुरुष टीम और 2027 में महिला टीम की पुरस्कार राशि को एक साथ रखा जाएगा और उसका 80 प्रतिशत खिलाड़ियों में वितरित किया जाएगा।