पाकिस्तान में पांच साल से कम उम्र के 3.7 करोड़ से अधिक बच्चों को पोलियो टीका लगाया गया

Polio image

पेशावर, 18 दिसंबर (पीटीआई): पाकिस्तान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राष्ट्रीय पोलियो रोधी अभियान के पहले तीन दिनों में पांच वर्ष तक की आयु के 3.7 करोड़ से अधिक बच्चों को पोलियो के टीके लगाए गए हैं। राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र (एनईओसी) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

अभियान के पहले तीन दिनों के दौरान पंजाब में 2.08 करोड़, सिंध में 74 लाख से अधिक, खैबर पख्तूनख्वा में 61 लाख, बलूचिस्तान में 21 लाख, इस्लामाबाद में 4.17 लाख, गिलगित-बाल्टिस्तान में 2.56 लाख और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में 6.89 लाख बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गईं।

कड़ी सुरक्षा घेरे के बावजूद, उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर और लक्की मरवत जिलों में अज्ञात बंदूकधारियों ने पोलियो टीमों को निशाना बनाया। अभियान के पहले दिन हुई इन घटनाओं में पोलियो टीमों की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई।

एनईओसी ने एक बयान में कहा कि इस टीकाकरण अभियान के दौरान 4 लाख से अधिक पोलियो कर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं।

एनईओसी ने जोर देकर कहा, “राष्ट्रीय पोलियो अभियान की सफलता माता-पिता और समुदाय की पूर्ण भागीदारी के बिना संभव नहीं है,” और अभिभावकों से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि पांच साल से कम उम्र के उनके बच्चों को टीका अवश्य लगाया जाए।

15 दिसंबर से शुरू हुआ यह एक सप्ताह का अभियान पांच साल से कम उम्र के 4.5 करोड़ से अधिक बच्चों को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य रखता है।

पाकिस्तान दुनिया के उन अंतिम दो देशों में से एक है, जहां पोलियो अभी भी स्थानिक बीमारी बना हुआ है। दूसरा देश अफगानिस्तान है। इस वर्ष अब तक पाकिस्तान में पोलियो के 30 मामले सामने आए हैं, जिनमें सबसे अधिक मामले खैबर पख्तूनख्वा से दर्ज किए गए हैं।

पीटीआई एवाईजेड एनपीके एनपीके