
कोलकाता, 18 दिसंबर (पीटीआई): भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने गुरुवार को कोलकाता स्थित ‘अर्जेंटीना फुटबॉल फैन क्लब’ के प्रमुख के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोलकाता पुलिस के साइबर सेल को ईमेल के जरिए भेजी गई शिकायत में गांगुली ने कहा कि उक्त व्यक्ति के बयानों से उनकी प्रतिष्ठा और मानसिक शांति को नुकसान पहुंचा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, “शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने बिना किसी तथ्यात्मक आधार के जानबूझकर सौरव गांगुली के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए।”
बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक पत्रकार से बातचीत के दौरान गांगुली के खिलाफ ये टिप्पणियां की थीं।
गांगुली ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि इस तरह के “बेबुनियाद आरोप उनकी कड़ी मेहनत से बनाई गई प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश प्रतीत होते हैं।”
मामले की जांच जारी है।
पीटीआई एससीएच आरबीटी
