टूटी हुई टखने और फिबुला की सर्जरी के बाद लिवरपूल के अलेक्ज़ेंडर इसाक अनिश्चितकाल के लिए बाहर

मैनचेस्टर, 24 दिसंबर (एपी) — लिवरपूल के स्ट्राइकर अलेक्ज़ेंडर इसाक टखने और फिबुला की हड्डी टूटने के बाद सोमवार को सर्जरी कराने के चलते अनिश्चितकाल के लिए टीम से बाहर हो गए हैं।

ब्रिटिश रिकॉर्ड 170 मिलियन डॉलर में साइन किए गए इसाक शनिवार को प्रीमियर लीग में टोटेनहम के खिलाफ 2-1 की जीत के दौरान पहला गोल करते समय एक टैकल में घायल हो गए थे और लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए।

इसाक की अनुपस्थिति न केवल लिवरपूल के अभियान को प्रभावित करेगी, बल्कि संभव है कि स्वीडन की विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने की संभावनाओं पर भी असर पड़े। स्वीडन मार्च में यूरोपीय प्लेऑफ में है, जहां सेमीफाइनल में उसका सामना यूक्रेन से होगा।

लिवरपूल ने एक बयान में कहा, “जांच के बाद आज टखने की चोट की सर्जरी की गई, जिसमें फिबुला फ्रैक्चर भी शामिल था। अब इसाक का पुनर्वास एएक्सए ट्रेनिंग सेंटर में जारी रहेगा और उनकी वापसी की कोई समयसीमा अभी तय नहीं की गई है।”

26 वर्षीय फॉरवर्ड इसाक के लिए यह चोट पहले से ही मुश्किलों भरे सीजन में एक और झटका है। गर्मियों में न्यूकैसल से उनका स्थानांतरण लंबा खिंचने के कारण वे सितंबर में ही लिवरपूल पहुंच पाए और नए सीजन की पूरी तैयारी नहीं कर सके।

अरने स्लॉट की टीम में उन्हें धीरे-धीरे शामिल किया गया, लेकिन इसके बाद ग्रोइन इंजरी के कारण वे एक और महीने तक बाहर रहे। कुल मिलाकर, उन्होंने मौजूदा प्रीमियर लीग चैंपियन के लिए अब तक सिर्फ 10 मैचों में शुरुआत की है और तीन गोल किए हैं।