
पेरिस, 23 दिसंबर (एपी): फ्रांस की बिखरी हुई संसद मंगलवार को एक आपातकालीन विधेयक पर बहस कर रही है, जिसका उद्देश्य अगले सप्ताह अमेरिका जैसी सरकारी शटडाउन की स्थिति से बचना है। यह कदम 2026 के बजट पर हुई वार्ता के विफल होने के बाद उठाया गया है।
नए साल में सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी कैबिनेट ने सोमवार रात इस संक्षिप्त मसौदा कानून को पेश किया। कैबिनेट के अनुसार, इसका उद्देश्य राष्ट्रीय जीवन की निरंतरता और सार्वजनिक सेवाओं के संचालन को सुनिश्चित करना है, जिसमें करों की वसूली और 2025 के बजट में निर्धारित कर और खर्च के स्तर के आधार पर स्थानीय निकायों को धन का वितरण शामिल है।
फ्रांसीसी संसद के शक्तिशाली निचले सदन, नेशनल असेंबली के सांसदों ने इस विधेयक में कई संशोधन किए हैं और मंगलवार देर रात इस पर मतदान होने की उम्मीद है, जिसके बाद इसे सीनेट में भेजा जाएगा। असेंबली के तीन प्रमुख गुटों — मरीन ले पेन के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी नेशनल रैली, वामपंथी दलों और मैक्रों की मध्यमार्गी अल्पमत सरकार — के बीच गहरे मतभेदों के बावजूद इसके पारित होने की संभावना है।
इसके बाद अगला कदम कहीं अधिक कठिन होगा: 2026 के लिए एक वास्तविक बजट तैयार करना और एक नए राजनीतिक संकट को टालना।
मैक्रों देश के भारी बजट घाटे को 5 प्रतिशत तक लाने और निवेशकों का भरोसा दोबारा कायम करने के लिए बेताब हैं। पिछले साल अचानक चुनाव कराने के उनके असफल फैसले के बाद लंबे समय तक चले राजनीतिक गतिरोध और उथल-पुथल ने फ्रांस की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर डाला है।
वित्त मंत्री रोलां लेस्क्योर ने मंगलवार को बीएफएम टेलीविजन से कहा, “हमें जल्द से जल्द बजट की जरूरत है ताकि हम आगे बढ़ सकें। अस्थायी बजट जितना लंबा चलेगा, उसकी लागत उतनी ही बढ़ेगी।” फ्रांस में सार्वजनिक खर्च का स्तर काफी ऊंचा है, जो उदार सामाजिक कल्याण योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़ा है, जबकि भारी कर बोझ इन खर्चों को पूरी तरह कवर नहीं कर पाता।
प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू, जिन्होंने इस्तीफा देने के बाद इस शरद ऋतु में दोबारा पद संभाला था, से उम्मीद है कि वह मंगलवार को बाद में बजट स्थिति पर सार्वजनिक रूप से संबोधन देंगे।
लेकोर्नू की अल्पमत सरकार को इस महीने की शुरुआत में राहत मिली थी, जब संसद ने एक अहम स्वास्थ्य देखभाल बजट विधेयक को बेहद कम अंतर से मंजूरी दे दी। हालांकि, इसकी कीमत मैक्रों की प्रमुख पेंशन सुधार योजना को निलंबित करना पड़ा, जिसका उद्देश्य सेवानिवृत्ति की आयु 62 से बढ़ाकर 64 वर्ष करना था।
