तुर्किये में विमान हादसे में मारे गए सैन्य प्रमुख को लीबिया ने दी श्रद्धांजलि

Image Credit: The wall street journal

मिसराता (लीबिया), 28 दिसंबर (एपी) पश्चिमी लीबिया के सैन्य प्रमुख और चार अन्य लोगों की तुर्किये में हुए विमान हादसे में मौत के बाद रविवार को सैकड़ों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जनरल मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद और दो अन्य के ताबूत उनके गृह नगर, तटीय शहर मिसराता के एक स्टेडियम में लाए गए, जहां अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में प्रधानमंत्री अब्दुल-हमीद दबीबा सहित कई सैन्य और राजनीतिक नेता मौजूद थे। इसके बाद शवों को उनके परिजन निजी तौर पर अंतिम संस्कार के लिए अन्य स्थानों पर ले जाएंगे।

शनिवार को अंकारा और त्रिपोली में भी श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए गए थे।

जनरल अल-हद्दाद, चार अन्य सैन्य अधिकारियों और तीन क्रू सदस्यों को ले जा रहा एक निजी जेट मंगलवार को तुर्किये की राजधानी अंकारा से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लीबियाई अधिकारियों के अनुसार, हादसे का कारण विमान में तकनीकी खराबी बताया गया है, हालांकि तुर्किये के साथ समन्वय में जांच अभी जारी है।

लीबिया 2011 के विद्रोह के बाद अराजकता में डूब गया था, जिसमें लंबे समय से सत्ता में रहे तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से हटाकर मार दिया गया था। इसके बाद देश पूर्व और पश्चिम में बंट गया, जहां अलग-अलग प्रशासन सक्रिय हैं, जिन्हें सशस्त्र समूहों और विदेशी सरकारों का समर्थन प्राप्त है। वर्तमान में पश्चिमी लीबिया में त्रिपोली स्थित प्रधानमंत्री अब्दुल-हमीद दबीबा की सरकार और पूर्वी हिस्से में प्रधानमंत्री ओसामा हम्माद का प्रशासन शासन कर रहा है।

तुर्किये पश्चिमी लीबिया की सरकार का प्रमुख समर्थक रहा है, हालांकि हाल के समय में उसने पूर्वी हिस्से की सरकार के साथ भी संबंध सुधारने के कदम उठाए हैं।