फरीदाबाद में महिला के साथ ‘सामूहिक दुष्कर्म’, कार से फेंका गया; दो गिरफ्तार

फरीदाबाद, 31 दिसंबर (पीटीआई) फरीदाबाद में एक 25 वर्षीय विवाहिता के साथ चलती वैन में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे सड़क पर फेंक दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

महिला की बहन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात हुई, जब पीड़िता परिवहन का इंतजार कर रही थी और आरोपियों ने उसे लिफ्ट देने की पेशकश की थी।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले दोनों आरोपी वर्तमान में फरीदाबाद में रह रहे थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

महिला वैवाहिक विवाद के कारण अपने माता-पिता के घर रह रही थी। सोमवार शाम वह सेक्टर-23 में अपनी एक दोस्त के घर गई थी और देर रात लौटते समय आरोपियों ने उसे लिफ्ट दी, पुलिस ने बताया।

लेकिन उसे गंतव्य तक ले जाने के बजाय, आरोपी उसे गुरुग्राम की ओर ले गए और कार के भीतर ही उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “महिला को पूरी रात इधर-उधर घुमाया गया और तड़के करीब तीन बजे राजा चौक के पास कार से बाहर फेंक दिया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।”

पीड़िता किसी तरह अपनी बहन को फोन करने में सफल रही। उसकी बहन मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई।

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल यादव ने कहा, “हमने आरोपियों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उनकी पहचान परेड कराई जाएगी।” पीटीआई

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, फरीदाबाद में महिला के साथ ‘सामूहिक दुष्कर्म’, कार से फेंका गया; दो गिरफ्तार