सीरियल अभिनेता की कार की टक्कर से पैदल यात्री की मौत

Siddharth Prabhu

कोट्टायम (केरल), 2 जनवरी (पीटीआई):

यहां टीवी धारावाहिक अभिनेता सिद्धार्थ प्रभु द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए एक लॉटरी विक्रेता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान तमिलनाडु निवासी 60 वर्षीय थंकराज के रूप में हुई है।

यह दुर्घटना क्रिसमस की पूर्व संध्या पर कोट्टायम में एमसी रोड पर नट्टाकोम सरकारी कॉलेज जंक्शन के पास हुई, जब प्रभु द्वारा चलाई जा रही कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे थंकराज को टक्कर मार दी।

उन्हें तुरंत कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय अभिनेता शराब के नशे में था और वाहन तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद सिद्धार्थ प्रभु का स्थानीय लोगों से विवाद हुआ, जो बाद में हाथापाई में बदल गया।

पुलिस मौके पर पहुंची, अभिनेता को हिरासत में लिया और बाद में जमानत पर छोड़ दिया।

इस मामले में केस दर्ज करने वाली चिंगावनम पुलिस थंकराज की मौत के बाद आरोपों में बदलाव करेगी, अधिकारियों ने कहा।