
संयुक्त राष्ट्र, 4 जनवरी (पीटीआई): संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जो अंततः वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि ये घटनाक्रम एक “खतरनाक मिसाल” पेश करते हैं।
महासचिव के प्रवक्ता द्वारा शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि गुटेरेस वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम से “बेहद चिंतित” हैं, जिसमें अमेरिका की सैन्य कार्रवाई शामिल है, जिसके क्षेत्र पर गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं।
गुटेरेस ने कहा कि वेनेजुएला की स्थिति से अलग हटकर भी, “ये घटनाक्रम एक खतरनाक मिसाल हैं” और उन्हें इस बात की “गहरी चिंता” है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों का सम्मान नहीं किया गया।
मादुरो और उनकी पत्नी पर न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद और अमेरिका के खिलाफ विनाशकारी हथियार रखने की साजिश के आरोप लगाए गए हैं।
एक असाधारण घटनाक्रम में, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तड़के ‘ट्रुथ सोशल’ पर घोषणा की कि अमेरिका ने वेनेजुएला में “बड़े पैमाने पर” हमला किया, जिसमें मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से किया गया।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पामेला बॉन्डी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के खिलाफ न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में आरोप तय किए गए हैं।
मादुरो पर नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद, कोकीन आयात की साजिश, मशीन गन और विनाशकारी उपकरण रखने तथा अमेरिका के खिलाफ इन हथियारों के इस्तेमाल की साजिश के आरोप हैं।
गुटेरेस ने सभी पक्षों से संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का पूर्ण सम्मान करने का आह्वान किया।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टुर्क ने भी वेनेजुएला में अमेरिकी हस्तक्षेप पर चिंता जताई।
