सियोल, 4 जनवरी (एपी) — दक्षिण कोरिया की सेना ने रविवार को बताया कि उत्तर कोरिया ने समुद्र में एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है।
दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से यह मिसाइल प्रक्षेपण रविवार सुबह हुआ, हालांकि उसने इसके बारे में कोई और विवरण नहीं दिया।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी उत्तर कोरिया द्वारा संदिग्ध मिसाइल प्रक्षेपण की सूचना दी है। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है।
यह प्रक्षेपण उत्तर कोरिया द्वारा आगामी सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी कांग्रेस से पहले हथियारों के प्रदर्शन की ताज़ा कड़ी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर कोरिया रक्षा क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को दिखाने के लिए कांग्रेस से पहले हथियार परीक्षणों की रफ्तार बढ़ा सकता है। यह कांग्रेस पिछले पाँच वर्षों में अपनी तरह की पहली है। पर्यवेक्षक इस बात पर नजर रखे हुए हैं कि क्या इस कांग्रेस में उत्तर कोरिया अमेरिका को लेकर कोई नई नीति तय करेगा और लंबे समय से ठप पड़ी बातचीत फिर से शुरू करने की उसकी अपीलों पर कोई प्रतिक्रिया देगा।
यह मिसाइल प्रक्षेपण ऐसे समय हुआ है जब इसके कुछ घंटे बाद ही दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्योंग चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ शिखर सम्मेलन के लिए चीन रवाना होने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान, ली के कार्यालय ने कहा कि वह कोरियाई प्रायद्वीप में शांति को बढ़ावा देने के प्रयासों में चीन से “रचनात्मक भूमिका” निभाने का अनुरोध करेंगे।
इससे पहले इस सप्ताह, उत्तर कोरिया ने कहा था कि उसने समुद्र में लंबी दूरी की रणनीतिक क्रूज़ मिसाइलें दागी हैं। (एपी) GSP
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

