
मिन्ना (नाइजीरिया), 4 जनवरी (एपी) — उत्तरी नाइजीरिया के नाइजर राज्य में बंदूकधारियों द्वारा एक गांव पर किए गए हमले में कम से कम 30 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना संघर्षग्रस्त क्षेत्र में जारी घातक हिंसा की कड़ी में ताजा मामला है।
पुलिस के अनुसार, बंदूकधारियों ने शनिवार शाम नाइजर राज्य के बोरगु स्थानीय सरकारी क्षेत्र के कसुवान-दाजी गांव पर धावा बोला और निवासियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। नाइजर राज्य पुलिस के प्रवक्ता वासियु अबियोदुन ने एक बयान में कहा कि हमलावरों ने स्थानीय बाजार और कई घरों को भी आग के हवाले कर दिया।
कम से कम दो स्थानीय निवासियों ने मृतकों की संख्या 37 बताई और कहा कि यह आंकड़ा और भी अधिक हो सकता है, क्योंकि रविवार तक कुछ लोग लापता थे। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सुरक्षा बल अभी तक इलाके में नहीं पहुंचे हैं, जो पुलिस के उस दावे के विपरीत है जिसमें कहा गया था कि अपहृत लोगों की तलाश के लिए सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
