नई दिल्ली, 4 जनवरी (पीटीआई) — पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में रविवार को एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में एलपीजी सिलेंडर फटने के बाद आग लग गई। इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई, हालांकि आग बुझाने के दौरान दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के तीन कर्मी घायल हो गए।
यह घटना दोपहर करीब 1 बजे इलाके में स्थित एक मकान से सामने आई। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि सिलेंडर फटने के बाद इमारत की चौथी मंजिल पर आग भड़क उठी।
अधिकारी ने कहा, “हमने तुरंत मौके पर दमकल की गाड़ियां भेजीं। हालांकि करीब 1.50 बजे स्टेशन ऑफिसर ने सूचना दी कि आग बुझाने के दौरान एक और एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे दमकल कर्मी घायल हो गए।”
अभियान को मजबूत करने के लिए मौके पर तीन और पानी के टैंकर तथा एक वॉटर बाउजर तैनात किया गया। डीएफएस के एक अन्य अधिकारी ने बताया, “करीब 2.05 बजे आग पर काबू पा लिया गया।”
घायल दमकल कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

