
नई दिल्ली, 5 जनवरी (पीटीआई) दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के साथ अपनी एक दशक लंबी साझेदारी समाप्त कर अपनी खुद की एथलीट मैनेजमेंट फर्म वेल स्पोर्ट्स (Vel Sports) शुरू की है।
चोपड़ा 2016 से जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स से जुड़े हुए थे।
27 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “पिछले एक दशक में हमारी साझा यात्रा विकास, विश्वास और उपलब्धियों से भरी रही है। जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने मेरे करियर में निर्णायक भूमिका निभाई है और मैं उनके समर्थन और दूरदृष्टि के लिए हमेशा आभारी रहूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “इस अध्याय के समाप्त होने के साथ, मैं अपनी यात्रा के अगले चरण में भी उन्हीं मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा हूं।”
बयान में कहा गया कि दोनों पक्ष “गहरे सम्मान और गर्व” के साथ एक-दूसरे से अलग हो रहे हैं।
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सीईओ दिव्यांशु सिंह ने कहा, “नीरज के साथ काम करना हम सभी के लिए एक शानदार अनुभव रहा है। उनकी सफलता की कहानी उत्कृष्टता और उद्देश्य की हमारी साझा सोच को दर्शाती है।”
उन्होंने कहा, “हमने मिलकर जो हासिल किया है, उस पर हमें बेहद गर्व है और हम उनके भविष्य के सभी प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
नीरज चोपड़ा 2021 में टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक एंड फील्ड में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। इसके बाद उन्होंने 2023 में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता और वैश्विक सर्किट पर कई बार पोडियम फिनिश हासिल की।
(पीटीआई)
