
शिमला, 5 जनवरी (पीटीआई)
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र में शीतलपुर में, चंडीगढ़ और हिमाचल की सीमा पर बनने वाली नई विश्वस्तरीय टाउनशिप का नाम ‘हिम-चंडीगढ़’ रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टाउनशिप के विकास की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उप-समिति की रिपोर्ट को कैबिनेट ने स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा,
“हमने हिमाचल और चंडीगढ़ की सीमा पर एक नया शहर बसाने का निर्णय लिया है और इस नई टाउनशिप का नाम हिम-चंडीगढ़ होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन पंचायतें भूमि पूलिंग के माध्यम से इस टाउनशिप के लिए जमीन देने को तैयार हैं और कैबिनेट पहले ही 3,400 बीघा भूमि को आवास विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे चुकी है।
उन्होंने बताया कि अगले छह महीनों में और भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा तथा शहर में विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही परामर्शदाताओं (कंसल्टेंट्स) की नियुक्ति की जाएगी।
इससे पहले, 30 दिसंबर को हुई कैबिनेट बैठक के बाद उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने संवाददाताओं को जानकारी दी थी कि चंडीगढ़ के निकट प्रस्तावित टाउनशिप परियोजना के लिए निजी या वन भूमि का और अधिग्रहण किया जाएगा और इसमें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पीटीआई BPL KSS KSS
