
लक्ज़मबर्ग, 7 जनवरी (पीटीआई) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि भारत लक्ज़मबर्ग को एक “बहुत महत्वपूर्ण” साझेदार मानता है और दोनों देश फिनटेक, अंतरिक्ष और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ा सकते हैं।
फ्रांस और लक्ज़मबर्ग की छह दिवसीय यात्रा पर गए जयशंकर ने लक्ज़मबर्ग के प्रधानमंत्री लुक फ्राइडन के साथ वित्त, निवेश और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों सहित “बढ़ते” द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।
उन्होंने लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की।
बेटेल के साथ बैठक के शुरुआती वक्तव्य में जयशंकर ने कहा कि भारत लक्ज़मबर्ग को द्विपक्षीय रूप से और यूरोपीय संघ के भीतर भी एक “बहुत महत्वपूर्ण” साझेदार मानता है, और यह समय भारत-ईयू संबंधों के विकास के लिए “बहुत निर्णायक” है।
उन्होंने कहा, “उस बड़े संबंध को आकार देने में आपका जो प्रभाव है और आप जो समर्थन देते हैं, वह हमारे लिए बहुत मूल्यवान है।”
विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच “बहुत मजबूत व्यापारिक संबंध” होने के अलावा, नई दिल्ली और लक्ज़मबर्ग फिनटेक, अंतरिक्ष, डिजिटल दुनिया और एआई जैसे कई रोचक क्षेत्रों में कहीं अधिक सहयोग कर सकते हैं।
एक्स पर एक पोस्ट में जयशंकर ने बैठक को “उत्कृष्ट” बताया और कहा कि उनकी बेटेल के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई, जिसमें “द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक स्थिति” पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा, “विशेष रूप से वित्त, निवेश, डिजिटल, एआई, अंतरिक्ष और प्रतिभा की आवाजाही पर चर्चा हुई। साथ ही भारत-ईयू संबंधों को और गहरा करने पर भी बात हुई। लक्ज़मबर्ग की विरासत और परंपरा को समझाने में उनकी व्यक्तिगत रुचि की सराहना करता हूं।”
प्रधानमंत्री फ्राइडन के साथ बैठक में जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से “हार्दिक शुभकामनाएं” दीं।
दोनों नेताओं ने वित्तीय सेवाओं, निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार में बढ़ते सहयोग पर चर्चा की।
जयशंकर ने “मजबूत भारत-ईयू संबंधों” के लिए फ्राइडन को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया। फ्राइडन ने कहा कि भारतीय मंत्री के साथ उनका “अच्छा संवाद” हुआ।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “हमारी बातचीत हमारे देशों के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और प्रमुख वैश्विक घटनाक्रमों पर केंद्रित रही।”
जयशंकर ने लक्ज़मबर्ग के ग्रैंड ड्यूक गिलौम से भी मुलाकात की।
जयशंकर ने एक अलग एक्स पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। भारत और हमारे द्विपक्षीय साझेदारी को गहरा करने के प्रति उनकी सकारात्मक भावनाओं को महत्व देता हूं।”
लक्ज़मबर्ग में जयशंकर भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे। पीटीआई जीआरएस जेडएच जीआरएस जीआरएस
Category: Breaking News
SEO Tags: #swadesi, #News, भारत के लिए लक्ज़मबर्ग ‘बहुत महत्वपूर्ण’ साझेदार: विदेश मंत्री जयशंकर
