
दुबई, 11 जनवरी (एपी):
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने कहा है कि सरकार प्रदर्शनकारियों की बात सुनेगी, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि उपद्रवी “पूरे समाज को नष्ट करने” की कोशिश कर रहे हैं। इस्लामिक गणराज्य में जारी व्यापक प्रदर्शनों के बीच उन्होंने यह टिप्पणी की।
सुधारवादी नेता पेज़ेशकियन की यह टिप्पणी उनके रुख में सख्ती को दर्शाती है। अब तक वह जनता के गुस्से को शांत करने में नाकाम रहे हैं, क्योंकि देश की खराब अर्थव्यवस्था को लेकर उपजा आक्रोश सीधे तौर पर ईरान की धार्मिक सत्ता व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया है।
पेज़ेशकियन ने कहा, “लोगों की कुछ चिंताएं हैं, हमें उनके साथ बैठकर बात करनी चाहिए और यदि यह हमारा कर्तव्य है तो उनकी चिंताओं का समाधान करना चाहिए। लेकिन इससे भी बड़ा कर्तव्य यह है कि हम उपद्रवियों के एक समूह को पूरे समाज को नष्ट करने की इजाजत न दें।”
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने रविवार को राष्ट्रपति का यह साक्षात्कार प्रसारित किया। पहले संकेत दिए गए थे कि इसे शनिवार को दिखाया जाएगा, लेकिन तब इसका प्रसारण नहीं हो पाया था।
