
दुबई, 11 जनवरी (एपी):
ईरान में देशव्यापी प्रदर्शनों के बीच जारी हिंसा में अब तक कम से कम 203 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने रविवार को चेतावनी दी कि वास्तविक मृतक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
ईरान में इंटरनेट सेवाएं ठप हैं और फोन लाइनें भी काट दी गई हैं, जिससे विदेशों से प्रदर्शनों की स्थिति का आकलन करना और मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद, अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान मौतों की संख्या में तेज़ उछाल आया है।
एजेंसी के मुताबिक, मारे गए लोगों में 162 प्रदर्शनकारी और 41 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। यह संगठन ईरान के भीतर मौजूद कार्यकर्ताओं के जरिए सूचनाओं का आपसी सत्यापन करता है और इससे पहले भी ईरान में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान सटीक आंकड़े देता रहा है।
ईरानी सरकार ने अब तक इन प्रदर्शनों में हुई कुल मौतों के कोई आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
इंटरनेट और अंतरराष्ट्रीय फोन कॉल सेवाएं बंद होने के कारण एसोसिएटेड प्रेस (एपी) भी मृतकों की संख्या का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं कर सका है।
