
पेरिस, 13 जनवरी (एपी) पेरिस एफसी ने फ्रेंच कप में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) को बाहर कर एक ऐतिहासिक और चौंकाने वाली जीत दर्ज की। यह अपने अधिक समृद्ध और प्रतिष्ठित पड़ोसी क्लब के खिलाफ पेरिस एफसी की पहली जीत है।
कूप द फ्रांस के रिकॉर्ड 16 बार के विजेता पीएसजी 2012-13 सत्र के बाद पहली बार अंतिम 32 में जगह बनाने में असफल रहा।
सोमवार को घरेलू मैदान पर खेले गए मुकाबले में पीएसजी ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा, लेकिन मौके भुना नहीं सका। इसकी कीमत उसे तब चुकानी पड़ी जब 74वें मिनट में पेरिस एफसी ने मैच का इकलौता गोल दाग दिया।
पूर्व पीएसजी विंगर जोनाथन इकोने ने काउंटर अटैक पर गेंद को जाल में पहुंचाया। इससे एक महीने पहले उन्होंने यूएस राओन-ले-एताप के खिलाफ पांचवें दौर की जीत में पेरिस एफसी के लिए तीनों गोल किए थे।
इकोने पीएसजी की यूथ टीम से निकले खिलाड़ी हैं और 2016-17 सत्र में उन्होंने क्लब के लिए सात मैच खेले थे। इसके बाद उन्होंने लील और फियोरेंटीना के साथ लंबे समय तक खेला।
मैच में पीएसजी का कब्जा 70 प्रतिशत रहा और उसने 25 शॉट लगाए, जबकि पेरिस एफसी ने केवल चार शॉट लगाए। इसके बावजूद पेरिस एफसी के गोलकीपर ओबेद नकांबादियो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू टीम को गोल करने से रोके रखा।
(एपी)
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, ऐतिहासिक उलटफेर में पेरिस एफसी ने फ्रेंच कप से पीएसजी को बाहर किया
