
नई दिल्ली, 15 जनवरी (पीटीआई)
सेना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि वे निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं और अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्र की रक्षा करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा देश उनके साहस और अटूट प्रतिबद्धता को सलाम करता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “हमारे सैनिक निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं, जो कई बार अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी अडिग संकल्प के साथ देश की रक्षा करते हैं। कर्तव्य के प्रति उनकी भावना पूरे देश में विश्वास और कृतज्ञता को प्रेरित करती है।”
उन्होंने कहा कि देश उन वीर जवानों को गहरे सम्मान के साथ याद करता है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
सेना दिवस हर वर्ष 15 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में फील्ड मार्शल के. एम. करियप्पा ने अपने ब्रिटिश पूर्ववर्ती जनरल सर एफ. आर. आर. बुचर की जगह भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार संभाला था।
