
मुंबई, 16 जनवरी (पीटीआई) अभिनेता भूमि पेडनेकर की आगामी क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज़ “दलदल” 30 जनवरी को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होगी।
स्ट्रीमर ने शुक्रवार को एक डार्क और बेचैन कर देने वाला टीज़र जारी किया, जो मुंबई के दिल में बसे एक स्याह और मनोवैज्ञानिक रूप से तीव्र संसार की झलक देता है।
यह सीरीज़ लेखक विश धामिजा के बेस्टसेलर उपन्यास “भेंडी बाज़ार” पर आधारित है और इसे फिल्मकार सुरेश त्रिवेणी ने स्क्रीन के लिए विकसित किया है। इसका निर्माण अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट के विक्रम मल्होत्रा ने त्रिवेणी के साथ मिलकर किया है।
इस शो का निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है, जबकि पटकथा त्रिवेणी ने श्रीकांत अग्नेश्वरन, रोहन डी’सूज़ा, प्रिया सागी और हुसैन हैदरी के सहयोग से लिखी है।
मुंबई की भीड़भाड़ और अस्थिर अंडरबेली में सेट यह सीरीज़ डीसीपी रीटा फरेरा की कहानी है, जो मुंबई क्राइम ब्रांच की एक वरिष्ठ अधिकारी हैं। न्याय के प्रति प्रतिबद्ध रीटा अपने अतीत के अपराधबोध और भीतर के दानवों से जूझते हुए एक निर्दयी हत्यारे की तलाश में निकलती हैं।
टीज़र में सीरीज़ की भयावह दुनिया की झलक मिलती है, जहां क्रूर हत्याएं, कटी हुई नसें और विकृत ढंग से सजाए गए शव दिखाए गए हैं — जिनके मुंह में कच्चा मांस, मोबाइल फोन और अन्य वस्तुएं भरी गई हैं — जो एक विक्षिप्त मानसिकता की ओर इशारा करती हैं।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, रीटा को न सिर्फ अपराधों की बर्बरता से जूझना पड़ता है, बल्कि पुलिस तंत्र के भीतर मौजूद पक्षपात और विरोध का भी सामना करना पड़ता है।
त्रिवेणी ने कहा, “‘दलदल’ मुझे इसलिए आकर्षित करती है क्योंकि यह हिंसा के पीछे छिपी नैतिकता और उसके भावनात्मक-मनोवैज्ञानिक कारणों की पड़ताल करती है। यह अपराध जांच की आड़ में अपराधबोध, पहचान और अधूरी चोटों की कहानी है।”
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स प्रमुख निखिल माधोक ने कहा कि “दलदल” के जरिए क्राइम थ्रिलर जॉनर की सीमाओं को आगे बढ़ाया गया है।
“यह सिर्फ ‘कौन’ नहीं पूछती, बल्कि ‘क्यों’ पर जोर देती है। हमें विश्वास है कि यह सीरीज़ भारत और दुनिया भर के दर्शकों को गहराई से जोड़ पाएगी,” उन्होंने कहा।
इस सीरीज़ में समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
पीटीआई आरबी आरबी
