यूपी के देवरिया में लाइनमैन की करंट लगने से मौत

Man electrocuted

देवरिया (उत्तर प्रदेश), 19 जनवरी (पीटीआई) जिले के लार क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर बिजली के तार जोड़ते समय एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई, पुलिस ने सोमवार को बताया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम हुआ, जिसके बाद मृतक का शव करीब तीन घंटे तक ट्रांसफॉर्मर पर ही लटका रहा।

सूत्रों ने बताया कि नायब तहसीलदार और बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के मौके पर पहुंचने के बाद देर शाम शव को ट्रांसफॉर्मर से नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय मुख्तार सहनी लार क्षेत्र के धरहरा गांव का निवासी था और फरियावाडीह बिजली उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत था।

रविवार शाम करीब छह बजे वह मझवलिया गांव में एक व्यक्ति के घर बिजली के तार जोड़ने गया था। तार जोड़ने के लिए वह गांव के जूनियर हाईस्कूल के पास लगे ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ा।

तार जोड़ते समय अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिससे उसे करंट लग गया और वह ट्रांसफॉर्मर से चिपक गया।

जिस व्यक्ति ने लाइनमैन को तार जोड़ने के लिए बुलाया था, वह उसे ट्रांसफॉर्मर से चिपका देख मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लार थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह को सूचना दी। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे, लेकिन बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी के न होने के कारण शव को नीचे नहीं उतारा जा सका।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अविनाश कुमार का मोबाइल फोन बंद था। इसके बाद उनके वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया गया।

करीब तीन घंटे बाद नायब तहसीलदार गोपाल और बिजली विभाग के एसडीओ मनीष कुमार अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को ट्रांसफॉर्मर से नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीटीआई

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, यूपी के देवरिया में लाइनमैन की करंट लगने से मौत