उत्तरी कोरिया के किम ने फैक्ट्री परियोजना को लेकर उप-प्रधानमंत्री को बर्खास्त किया

Kim Jong Un

सियोल, 20 जनवरी (एपी): उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश के मशीन-निर्माण उद्योग के प्रभारी एक उप-प्रधानमंत्री को बर्खास्त कर दिया है। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह कदम आगामी सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी कांग्रेस से पहले वरिष्ठ अधिकारियों में अनुशासन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, जहां नए आर्थिक और अन्य राज्य लक्ष्यों को तय किया जाना है।

कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने बताया कि किम ने सोमवार को उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में रयोंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स में पहले चरण की आधुनिकीकरण परियोजना के पूरा होने के अवसर पर दिए गए भाषण में यांग सुंग हो पर “अनावश्यक मानव-निर्मित अव्यवस्था” पैदा करने का आरोप लगाया।

किम ने कहा कि गैर-जिम्मेदार और अक्षम अधिकारियों के कारण इस परियोजना में “कम नहीं, बल्कि काफी आर्थिक नुकसान” हुआ। केसीएनए के अनुसार, उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने “बड़ी मात्रा में धन और श्रम” बर्बाद किया, जिससे गोला-बारूद उद्योग क्षेत्र पर अतिरिक्त बोझ पड़ा।

किम ने बताया कि उन्होंने दिसंबर में पार्टी बैठक के दौरान यांग की आलोचना की थी और उसके बाद उनके कामकाज पर करीबी नजर रखी, लेकिन पाया कि उनमें जिम्मेदारी की भावना बिल्कुल नहीं है। इसके बाद किम ने कहा, “आज से मैं आपको, कॉमरेड उप-प्रधानमंत्री, बर्खास्त करने की घोषणा करता हूं।”

हाल के वर्षों में किम ने अर्थव्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में पराजयवाद, गैर-जिम्मेदारी और निष्क्रियता को दूर करने पर जोर दिया है, ताकि देश की लंबे समय से चली आ रही आर्थिक कठिनाइयों से निपटा जा सके। उन्होंने अनुशासन बहाल करने या आर्थिक संकटों और नीतिगत विफलताओं का दोष तय करने के लिए कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई है या बर्खास्त भी किया है।

कोविड-19 महामारी के दौरान उत्तरी कोरिया की अर्थव्यवस्था को गंभीर झटके लगे थे। दक्षिण कोरिया के केंद्रीय बैंक के अनुसार, 2024 में उत्तर कोरिया की अर्थव्यवस्था में 3.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई, लेकिन कई विश्लेषकों का कहना है कि हथियार कार्यक्रमों में सीमित संसाधनों के बड़े पैमाने पर उपयोग, अत्यधिक केंद्रीकृत और अक्षम आर्थिक व्यवस्था तथा लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के कारण देश के लिए तेज और बड़े पैमाने पर आर्थिक वृद्धि हासिल करना मुश्किल रहेगा।

दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी के अनुसार, पांच वर्षों में पहली बार होने वाली वर्कर्स पार्टी कांग्रेस जनवरी के अंत या फरवरी में शुरू हो सकती है। (एपी) एएमएस

वर्ग: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, #उत्तरी कोरिया के किम ने फैक्ट्री परियोजना को लेकर उप-प्रधानमंत्री को बर्खास्त किया