आईसीसी ने बीसीबी का अनुरोध ठुकराया, बांग्लादेश के मैच तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही होंगे

The International Cricket Council

दुबई, 21 जनवरी (पीटीआई): अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के उस अनुरोध को खारिज कर दिया, जिसमें टीम के टी20 विश्व कप मुकाबलों को श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। आईसीसी ने कहा कि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेशी खिलाड़ियों, अधिकारियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है, इसलिए मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।

यह फैसला आईसीसी बोर्ड की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई बैठक में लिया गया, जिसे बीसीबी द्वारा चिंताएं जताए जाने और स्थल परिवर्तन की मांग के बाद बुलाया गया था।

आईसीसी के अनुसार, बोर्ड ने कई सुरक्षा आकलनों की समीक्षा की, जिनमें स्वतंत्र मूल्यांकन भी शामिल थे। सभी आकलनों में यह निष्कर्ष निकला कि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया कर्मियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।

आईसीसी ने कहा कि इस देर से कार्यक्रम में बदलाव करना व्यावहारिक नहीं है और किसी प्रमाणित सुरक्षा जोखिम के बिना मुकाबलों में बदलाव करने से भविष्य के वैश्विक आयोजनों के लिए एक अवांछनीय मिसाल कायम हो सकती है।

आईसीसी ने अपने बयान में कहा, “आईसीसी बोर्ड ने माना कि मौजूदा परिस्थितियों में मैचों को स्थानांतरित करना आईसीसी आयोजनों की गरिमा को खतरे में डाल सकता है और एक वैश्विक शासी निकाय के रूप में संगठन की निष्पक्षता को कमजोर कर सकता है।”

विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने बताया कि उसके प्रबंधन ने हाल के हफ्तों में बीसीबी के साथ कई बैठकें और पत्राचार किए हैं, जिनमें टूर्नामेंट की सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की गई।

इनमें प्रत्येक स्थल के लिए विशेष सुरक्षा योजनाएं और केंद्र व राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहभागिता के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा के आश्वासन शामिल थे।

पीटीआई

APS APS PDS PDS