यूपी: जिम में महिलाओं से दोस्ती कर धर्म परिवर्तन की कोशिश व उत्पीड़न के आरोप में 2 गिरफ्तार

Arrested (Representative Image)

मिर्ज़ापुर (उप्र), 21 जनवरी (पीटीआई): शहर के जिमों में महिलाओं से दोस्ती कर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने और उनका उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मंगलवार देर रात जारी एक बयान में पुलिस ने बताया कि देहात कोतवाली थाने में दो महिलाओं की ओर से अलग-अलग शिकायतें मिली थीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने उनसे दोस्ती की और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित करने की कोशिश की। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका उत्पीड़न किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चार टीमों का गठन किया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को नटवां मिल्लत नगर निवासी मोहम्मद शेख अली आलम और गोसाई तालाब निवासी फैज़ल खान को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ज़हीर और सदाब नामक दो अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि ज़हीर कई जिमों का मालिक है और शिकायतकर्ता महिलाएं इन्हीं में से एक जिम में जाया करती थीं। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े सभी जिमों को सील कर दिया है।

देहात कोतवाली के इंस्पेक्टर अमित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।

पीटीआई

COR KIS MPL NSD NSD