आप्रवासन कार्रवाई के विरोध में धरना: मैनहैटन के होटल में दर्जनों प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

People protest outside Manhattan Federal Court before the arraignment of Venezuelan President Nicolas Maduro, Monday, Jan. 5, 2026, in New York.AP/PTI(AP01_05_2026_000357B)

न्यूयॉर्क, 28 जनवरी (एपी)

आप्रवासन कार्रवाई के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच मैनहैटन के एक हिल्टन गार्डन इन होटल की लॉबी पर कब्जा कर धरना देने के बाद मंगलवार को दर्जनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि होटल में संघीय आव्रजन अधिकारी ठहरे हुए हैं।

होटल में फोन उठाने वाले एक व्यक्ति ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हिल्टन के प्रेस कार्यालय को भेजा गया ईमेल भी मंगलवार रात तक वापस नहीं आया। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि वास्तव में आव्रजन अधिकारी होटल में ठहरे थे या नहीं। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की प्रवक्ता ट्रिशिया मैकलॉघलिन ने कहा कि इस तरह की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन बड़े पैमाने पर आव्रजन कार्रवाई चला रहा है, जिसका व्यापक विरोध हो रहा है और इस महीने मिनियापोलिस में दो लोगों की मौत भी हुई है। हिल्टन जैसी होटल श्रृंखलाएं आव्रजन कार्रवाई और उसके खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच संतुलन बनाने में कई बार कठिनाई का सामना करती रही हैं।

मंगलवार को डाउनटाउन मैनहैटन स्थित हिल्टन गार्डन इन की छोटी सी लॉबी में प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने “Hilton houses ICE” लिखी टी-शर्ट पहन रखी थीं और होटल से संघीय आव्रजन अधिकारियों को ठहरने की अनुमति न देने की मांग कर रहे थे।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने पहले भीड़ को लॉबी खाली करने का आदेश दिया और बाद में जो प्रदर्शनकारी अंदर बने रहे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया, हालांकि एसोसिएटेड प्रेस के एक फोटोग्राफर ने दर्जनों लोगों को हिरासत में लेकर होटल के बाहर खड़ी बसों में ले जाते हुए देखा।

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार