कार्लोस अल्कराज ने नोवाक जोकोविच को हराकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष बने

Carlos Alcaraz of Spain holds the Norman Brookes Challenge Cup after defeating Novak Djokovic of Serbia in the men's singles final at the Australian Open tennis championship in Melbourne, Australia, Sunday, Feb. 1, 2026. AP/PTI(AP02_01_2026_000542B)

मेलबर्न, 1 फरवरी (एपी) कार्लोस अल्कराज ने नोवाक जोकोविच के खिलाफ ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले इतिहास के सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। मेलबर्न पार्क में अपने पिछले 10 फाइनल मुकाबलों में कभी नहीं हारने वाले जोकोविच को इस बार हार का सामना करना पड़ा।

शीर्ष रैंकिंग वाले अल्कराज ने रविवार को पहला सेट गंवाया, जब जोकोविच रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के इरादे से आक्रामक खेल दिखा रहे थे। लेकिन 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से जीत लिया।

अल्कराज ने कई ऐसे शॉट्स भी वापस निकाले जो आमतौर पर जोकोविच के लिए विनिंग शॉट होते हैं और उन्होंने अपने 38 वर्षीय प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाए रखा।

जीत पक्की होते ही अल्कराज के हाथ से रैकेट छूट गया और वह पीठ के बल जमीन पर गिर पड़े, दोनों हाथ सिर पर रखे हुए। कुछ सेकंड तक वहीं पड़े रहने के बाद वह नेट पर पहुंचे और जोकोविच से हाथ मिलाया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ पल बातचीत हुई और जोकोविच ने मुस्कुराते हुए अल्कराज को बधाई दी। इसके बाद नए चैंपियन ने कोर्टसाइड में बैठे अपने कोचों को गले लगाया और फिर दर्शक दीर्घा में अपने पिता और टीम के अन्य सदस्यों से मिले।

दोनों खिलाड़ी कठिन पांच सेट के सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचे थे और तीन घंटे से अधिक चले इस मैच में उन्होंने बेहतरीन फिटनेस, एथलेटिसिज्म और स्टैमिना का प्रदर्शन किया।

मैच में बड़े अंक पर कोई भी खिलाड़ी पीछे हटने को तैयार नहीं था। अंत में अल्कराज ने बनाए गए 16 ब्रेक पॉइंट में से 5 को भुनाया, जबकि जोकोविच 6 में से 2 ब्रेक पॉइंट ही बदल सके।

जोकोविच का रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने का सपना अब तक नौ मेजर टूर्नामेंटों में कार्लोस अल्कराज या यानिक सिनर ने रोक दिया है। जोकोविच ने सेमीफाइनल में सिनर को हराया था और ओपन युग में सबसे उम्रदराज ग्रैंड स्लैम विजेता बनने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अल्कराज के खिलाफ यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।

22 साल और 272 दिन की उम्र में अल्कराज चारों ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 1938 फ्रेंच चैंपियनशिप में 22 साल और 363 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले डॉन बज को पीछे छोड़ दिया।

अल्कराज के नाम अब कुल सात ग्रैंड स्लैम खिताब हो गए हैं — ऑस्ट्रेलिया में यह उनका पहला खिताब है, जबकि विंबलडन, फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन में उन्होंने दो-दो खिताब जीते हैं। (एपी) PDS PDS