
चंडीगढ़, 8 फरवरी (पीटीआई)
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले में हुए झूला हादसे में हुई मौत और घायल होने की घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं और लोगों को बचाने की कोशिश में जान गंवाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है।
शनिवार शाम करीब छह बजे झूले पर सवार करीब 19 लोग उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब झूला एक तरफ झुक गया और जमीन पर गिर पड़ा। इस हादसे में 11 लोग घायल हुए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय ऑन-ड्यूटी पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के रूप में हुई, जिन्हें वर्ष 2019-20 में हरियाणा के राज्यपाल द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सूरजकुंड हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को राज्य सरकार की ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
कुरुक्षेत्र में 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी के समापन समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा कि सूरजकुंड मेले में लगाए गए झूलों की प्रतिदिन जांच की जाती है और इस संबंध में रिपोर्ट तैयार की जाती है।
उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसुरक्षा और जनकल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सूरजकुंड हादसे से प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ है।
इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देश पर फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (अपराध) की निगरानी में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।
रविवार को जारी एक बयान में हरियाणा पुलिस ने बताया कि मेले में झूले लगाने के लिए जिम्मेदार हिमाचल फन केयर कंपनी के संचालक मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित कानून की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान शाकिर और एक अन्य आरोपी नितेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घायलों के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि फरीदाबाद के सुप्रीम अस्पताल में भर्ती आठ घायलों में से चार को छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी का इलाज जारी है। सिविल अस्पताल में भर्ती अन्य घायल लोगों को भी छुट्टी दे दी गई है।
विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला हर साल फरीदाबाद जिले में आयोजित किया जाता है। मेले का 39वां संस्करण 31 जनवरी से 15 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका केंद्र बिंदु ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना है।
(पीटीआई)
