ज़हान कपूर–स्वानंद किरकिरे की म्यूज़िकल ड्रामेडी ‘बैंडवाले’ 13 फरवरी को होगी रिलीज़

Bandwaale

मुंबई, 9 फरवरी (पीटीआई)

ज़हान कपूर, शालिनी पांडे और स्वानंद किरकिरे अभिनीत हिंदी म्यूज़िकल सीरीज़ ‘बैंडवाले’ का प्रीमियर 13 फरवरी को प्राइम वीडियो पर होगा।

अंकुर तेवारी और स्वानंद किरकिरे द्वारा निर्मित व लिखित इस प्राइम ओरिजिनल सीरीज़ का निर्देशन अक्षत वर्मा और अंकुर तेवारी ने किया है। सीरीज़ का निर्माण ओएमएल एंटरटेनमेंट ने किया है।

रतलाम की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘बैंडवाले’ की कहानी मरियम नाम की एक युवा कवयित्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पहचान और स्वतंत्रता की तलाश में गुमनाम रूप से अपनी कविताएं ऑनलाइन साझा करना शुरू करती है। कौसर मुनीर द्वारा लिखी गई ये बेहद निजी कविताएं उसकी भीतरी दुनिया की शांत लेकिन सशक्त अभिव्यक्ति बन जाती हैं।

मरियम की यात्रा उसके बैंडमेट्स और करीबी दोस्तों — रोबो और डीजे साइको — के साथ आगे बढ़ती है, जो उसके जीवन में संगीत, हास्य और दोस्ती लेकर आते हैं।

सीरीज़ में आशीष विद्यार्थी, अनुपमा कुमार और संजना दीपु भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। इसमें यशराज मुखाटे के ओरिजिनल कंपोज़िशन्स शामिल हैं, जो किसी लॉन्ग-फॉर्म सीरीज़ के लिए उनका पहला म्यूज़िक कंपोज़िशन है।

स्वानंद किरकिरे ने कहा, “‘बैंडवाले’ अभिव्यक्ति, झिझक और खुद बनने के लिए जरूरी शांत साहस पर आधारित एक कहानी है।”

अंकुर तेवारी ने कहा कि यह कहानी ईमानदार और ज़मीन से जुड़ी रखने की कोशिश थी। प्राइम वीडियो के सहयोग से हम मरियम की दुनिया, उसके सवालों और उसकी आत्म-खोज को सच्चाई के साथ पेश कर सके।

प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स प्रमुख निखिल माधोक ने कहा कि यह सीरीज़ संगीत, हास्य और भावनाओं का खूबसूरत मेल है।

ओएमएल एंटरटेनमेंट के सीईओ तुषार कुमार ने कहा कि ‘बैंडवाले’ पहचान खोजने और समाज की थोपी गई अपेक्षाओं को चुनौती देने की कहानी है।