
नई दिल्ली, 9 फरवरी (पीटीआई)
मजबूत वैश्विक रुझानों और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के चलते सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमतों में 6 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई और यह 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं, सोना लगभग 1 प्रतिशत बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
स्थानीय बाजार कारोबारियों के अनुसार, सफेद धातु यानी चांदी में 17,000 रुपये या 6.66 प्रतिशत की उछाल आई और यह शुक्रवार के बंद स्तर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,72,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई।
इसके अलावा, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,300 रुपये या 0.83 प्रतिशत बढ़कर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, “सोमवार को सोने में तेजी देखने को मिली, जिसे अमेरिकी डॉलर में गिरावट और सस्ते दामों पर खरीदारी से समर्थन मिला। डॉलर इंडेक्स लगभग 0.30 प्रतिशत गिरकर 97 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जिससे बुलियन की कीमतों को सहारा मिला।”
उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापक आर्थिक अनिश्चितता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भू-राजनीतिक और शुल्क से जुड़े मुद्दों पर लगातार और अप्रत्याशित बयानों के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में कीमती धातुओं की मांग बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, स्पॉट चांदी 2.19 अमेरिकी डॉलर या 2.81 प्रतिशत बढ़कर 80.21 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,012.94 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
लेमॉन मार्केट्स डेस्क में रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने कहा, “पिछले सप्ताह के तेज उतार-चढ़ाव के बाद धातुओं में रिकवरी देखने को मिली, क्योंकि कारोबारी मैक्रो डेटा और नीतिगत संकेतों से पहले अपनी पोजिशन बना रहे थे।”
उन्होंने कहा, “चांदी में अधिक उतार-चढ़ाव बना रहा, जो सट्टा गतिविधियों और अल्पकालिक मुनाफावसूली को दर्शाता है। घरेलू खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय संकेतों से कीमतों में तेजी आई, हालांकि दिन के उच्च स्तर के पास मुनाफावसूली भी देखने को मिली।”
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के गांधी ने कहा कि कीमती धातुओं में निवेशकों की धारणा को चीन से आए सप्ताहांत के आंकड़ों से भी बल मिला है, जिसमें दिखाया गया कि ऊंची कीमतों के बावजूद पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने जनवरी में लगातार 15वें महीने सोने की खरीद जारी रखी।
आंकड़ों के मोर्चे पर, कारोबारी बुधवार को जारी होने वाले अमेरिका के मासिक रोजगार आंकड़ों (नॉन-फार्म पेरोल और बेरोजगारी दर) का इंतजार कर रहे हैं।
इसके अलावा, शुक्रवार को जारी होने वाले अमेरिकी उपभोक्ता मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर भी करीबी नजर रखी जाएगी। गांधी ने कहा कि ये दोनों आंकड़े डॉलर की दिशा तय करने और कीमती धातुओं के लिए नए संकेत देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
