
वॉशिंगटन, 10 फरवरी (एपी) डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आव्रजन सख्ती पर “नाटकीय” नए प्रतिबंधों की अपनी मांगों को लेकर व्हाइट हाउस के साथ प्रारंभिक बातचीत शुरू कर दी है। यह बातचीत ऐसे समय हो रही है जब होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) के लिए फंडिंग समाप्त होने में सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं।
सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने सोमवार को कहा कि डेमोक्रेट्स ने इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) और अन्य संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ी अपनी मांगों की सूची व्हाइट हाउस को भेज दी है। व्हाइट हाउस ने कहा कि उसने इसके जवाब में एक प्रतिप्रस्ताव भेजा है। हालांकि, फिलहाल किसी भी पक्ष ने विवरण साझा नहीं किया है।
समय तेजी से निकल रहा है और शनिवार से एक और आंशिक सरकारी शटडाउन शुरू होने का खतरा है। डेमोक्रेट्स की मांगों में न्यायिक वारंट की अनिवार्यता, डीएचएस अधिकारियों की बेहतर पहचान, बल प्रयोग के नए मानक और नस्लीय प्रोफाइलिंग पर रोक शामिल है। उनका कहना है कि ये बदलाव इसलिए जरूरी हैं क्योंकि पिछले महीने मिनियापोलिस में संघीय एजेंटों द्वारा दो प्रदर्शनकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शूमर ने सीनेट में कहा, “रिपब्लिकन साथियों, घड़ी टिक-टिक कर रही है। हमने अपने प्रस्ताव भेज दिए हैं और वे पूरी तरह से वाजिब हैं।” कुछ प्रगति के संकेत भी दिखे। सीनेट के मेजॉरिटी लीडर जॉन थ्यून ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच ठोस मुद्दों पर “अच्छा संवाद” हुआ है और रिपब्लिकन “जल्द” एक प्रतिप्रस्ताव भेजेंगे। फिर भी यह स्पष्ट नहीं है कि आव्रजन प्रवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर दोनों पक्ष सहमति बना पाएंगे या नहीं, क्योंकि दोनों दलों के कई सांसद साझा आधार मिलने को लेकर संशय में हैं।
कई रिपब्लिकन डेमोक्रेट्स की मांगों से असहमत हैं और उनकी अपनी भी कुछ मांगें हैं, जिनमें मतदाता पंजीकरण से पहले नागरिकता का प्रमाण अनिवार्य करने वाला कानून और उन शहरों पर प्रतिबंध शामिल हैं, जिनके बारे में उनका कहना है कि वे अवैध आव्रजन पर सख्ती नहीं करते।
वहीं, आईसीई की आक्रामक कार्रवाई से नाराज डेमोक्रेट्स ने कहा है कि जब तक प्रवर्तन में बड़े पैमाने पर कटौती नहीं की जाती, वे होमलैंड सिक्योरिटी की फंडिंग के लिए एक पैसा भी वोट नहीं करेंगे।
हाउस में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज़ ने सोमवार को कहा, “डीएचएस के लिए फंडिंग बिल आगे बढ़ने से पहले होमलैंड सिक्योरिटी विभाग में नाटकीय बदलाव जरूरी हैं। बस। यहीं बात खत्म।”
ट्रंप और डेमोक्रेट्स के बीच सौदेबाज़ी
कांग्रेस डीएचएस खर्च बिल पर फिर से बातचीत कर रही है, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने डेमोक्रेट्स के अनुरोध पर इसे उस बड़े खर्च पैकेज से अलग करने पर सहमति दी थी, जो पिछले सप्ताह कानून बना। उस पैकेज के तहत होमलैंड सिक्योरिटी की फंडिंग मौजूदा स्तर पर केवल 13 फरवरी तक बढ़ाई गई, जिससे बातचीत के लिए बहुत कम समय बचा है।
फंडिंग का मुद्दा 24 जनवरी को मिनियापोलिस में एक अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल अधिकारी द्वारा आईसीयू नर्स एलेक्स प्रेट्टी की गोली मारकर हत्या के बाद गंभीर हो गया। 7 जनवरी को रेनी गुड को आईसीई एजेंटों ने गोली मारी थी। कुछ रिपब्लिकनों ने इसके बाद नए प्रतिबंधों की जरूरत का संकेत दिया।
फंडिंग अलग करने पर सहमत होने के बावजूद ट्रंप ने डेमोक्रेट्स की विशिष्ट मांगों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और यह अनिश्चित है कि वे इनमें से किसी पर सहमत होंगे या नहीं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने पिछले सप्ताह के अंत में कहा कि ट्रंप प्रशासन डेमोक्रेट्स की सूची में शामिल कुछ बिंदुओं पर चर्चा को तैयार है, लेकिन “कुछ ऐसे हैं जो किसी भी सामान्य समझ पर आधारित नहीं लगते और इस प्रशासन के लिए स्वीकार्य नहीं हैं।”
डेमोक्रेट्स की मांगें
शूमर और जेफ्रीज़ ने कहा है कि वे चाहते हैं कि आव्रजन अधिकारी अपने मास्क हटाएं, पहचान दिखाएं और स्थानीय अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय करें। उन्होंने संघीय अधिकारियों के लिए कड़े बल-प्रयोग नियम, हिरासत केंद्रों में कानूनी सुरक्षा और बॉडी-वॉर्न कैमरों से प्रदर्शनकारियों की ट्रैकिंग पर रोक की भी मांग की है।
डेमोक्रेट्स का कहना है कि कांग्रेस को अंधाधुंध गिरफ्तारियां खत्म करनी चाहिए, “वारंट प्रक्रियाओं और मानकों में सुधार” करना चाहिए, यह स्पष्ट करना चाहिए कि अधिकारी न्यायिक वारंट के बिना निजी संपत्ति में प्रवेश नहीं कर सकते और किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने से पहले यह सत्यापित करना अनिवार्य होना चाहिए कि वह अमेरिकी नागरिक नहीं है।
रिपब्लिकनों ने कहा है कि वे डीएचएस अधिकारियों के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरों की अनिवार्यता का समर्थन करते हैं—यह भाषा मूल डीएचएस बिल में थी—लेकिन वे डेमोक्रेट्स की कई अन्य मांगों से सहमत नहीं हैं।
हाउस स्पीकर माइक जॉनसन (रिपब्लिकन-लुइज़ियाना) ने सोमवार को कहा, “आईसीई अधिकारियों और एजेंटों से मास्क हटाने का मतलब उन्हें और उनके परिवारों को गंभीर खतरे में डालना होगा, क्योंकि लोग उनकी पहचान उजागर कर उन्हें निशाना बना रहे हैं। हमें ऐसे मुद्दों पर बात करनी होगी जो वाजिब और हासिल किए जा सकें।”
टेनेसी के सीनेटर बिल हैगर्टी ने ‘फॉक्स न्यूज संडे’ पर कहा कि डेमोक्रेट्स “कट्टर वामपंथी आधार को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “वामपंथ पूरी तरह से हद पार कर चुका है और वे हमारे एजेंटों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं, जिससे वे अपना काम नहीं कर पा रहे हैं।”
शटडाउन के परिणाम
आईसीई और यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन के अलावा, होमलैंड सिक्योरिटी बिल में फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (एफईएमए) और ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (टीएसए) की फंडिंग भी शामिल है। यदि डीएचएस शटडाउन होता है, तो थ्यून ने पिछले सप्ताह कहा था कि “पिछले साल के 43-दिवसीय सरकारी बंद जैसे यात्रा संबंधी अधिक समस्याएं देखने को मिल सकती हैं।”
दोनों दलों के सांसदों ने सुझाव दिया है कि वे आईसीई और बॉर्डर पेट्रोल की फंडिंग को अलग कर बाकी हिस्से को शुक्रवार तक पारित कर सकते हैं। हालांकि, थ्यून इस विचार से ठंडे दिखे और कहा कि कांग्रेस को सभी डीएचएस के लिए एक और अल्पकालिक विस्तार पारित करना चाहिए, जबकि संभावित नए प्रतिबंधों पर बातचीत जारी रहे।
कई डेमोक्रेट्स के लिए एक और विस्तार का समर्थन करना मुश्किल होगा। लेकिन यदि बातचीत को लेकर उम्मीद बनी रहती है, तो रिपब्लिकन दोनों सदनों में कुछ डेमोक्रेट्स का समर्थन हासिल कर सकते हैं।
जेफ्रीज़ ने सोमवार को कहा, “अब गेंद रिपब्लिकनों के पाले में है।” (एपी) SKY SKY
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, Democrats, White House trade offers as shutdown of Homeland Security looms
