रियाद में दीक्षा और अवनि की मजबूत शुरुआत

Golfer Diksha Dagar wins Deaflympics gold

रियाद, 11 फरवरी (पीटीआई) भारतीय गोल्फर दीक्षा डागर और अवनि प्रशांत ने यहां पीआईएफ सऊदी लेडीज़ इंटरनेशनल के पहले राउंड में 3-अंडर 69 का कार्ड खेलते हुए अच्छी शुरुआत की।

दोनों संयुक्त रूप से 21वें स्थान पर रहीं और कोरिया की हे-जिन चोई (64) से पांच शॉट पीछे हैं। कुछ खिलाड़ियों का राउंड अभी समाप्त होना बाकी था। दूसरे स्थान पर जापान की चिज़ी इवाई (65) रहीं।

120 खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट में कुल पांच मिलियन अमेरिकी डॉलर की बड़ी पुरस्कार राशि रखी गई है। इसमें तीन अन्य भारतीय खिलाड़ी भी हिस्सा ले रही हैं।

अदिति अशोक ने अपने अंतिम होल — नौवें — पर बर्डी लगाई और 1-अंडर 71 के स्कोर के साथ संयुक्त 70वें स्थान पर रहीं। वहीं, प्रणवी उर्स ने 1-ओवर 73 का स्कोर बनाया और संयुक्त 86वें स्थान पर रहीं। हिताशी बक्शी ईवन पार पर थीं और उनके पांच होल बाकी थे।

2025 में एलईटी ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष भारतीय खिलाड़ी दीक्षा ने तीसरे, 12वें और 18वें होल पर बर्डी लगाई और बिना कोई बोगी किए अपना राउंड पूरा किया।

अवनि ने पहले होल पर बर्डी से शुरुआत की, हालांकि चौथे होल पर वह एक शॉट गंवा बैठीं। इसके बाद उन्होंने पांचवें और आठवें होल पर बर्डी लगाकर वापसी की और 2-अंडर के साथ टर्न लिया।

बैक-नाइन पर 12वें और 15वें होल पर बर्डी के बाद वह शीर्ष-10 के करीब पहुंच गईं, लेकिन 18वें होल पर बोगी के कारण वह पीछे खिसक गईं और 3-अंडर 69 के स्कोर के साथ राउंड समाप्त किया। PTI COR APA APA