अनिश ने रैपिड-फायर पिस्टल में कांस्य जीता, कजाकिस्तान ने चार स्वर्ण पर कब्जा किया

**EDS: TO GO WITH STORY** Dehradun: Olympian Anish Bhanwala with others on day four of the national selection trials 3 and 4 for Group 'A' rifle and pistol shooters, in Dehradun, Uttarakhand, Friday, June 27, 2025. (PTI Photo) (PTI06_27_2025_000420B)

नई दिल्ली, 11 फरवरी (पीटीआई) विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अनिश भानवाला ने बुधवार को यहां एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के आठवें दिन पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान ने चार स्वर्ण पदक अपने नाम कर दबदबा बनाया।

यह अनिश का एशियाई चैंपियनशिप में तीसरा पदक है।

दिन में 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर पुरुष स्पर्धा में आद्रियन कर्माकर और जूनियर पुरुष 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल टीम ने भी स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही भारत की पदक तालिका में बढ़त कायम रही और उसका कुल आंकड़ा 41 स्वर्ण, 19 रजत और 15 कांस्य हो गया है। प्रतियोगिता के दो दिन अभी बाकी हैं।

अनिश (574) और आदर्श सिंह (573) ने क्वालीफिकेशन में सातवां और आठवां स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। कजाकिस्तान के पूर्व चैंपियन निकिता चिर्युकीन 582 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे और अपने दो अन्य साथियों के साथ फाइनल में पहुंचे।

जापान के दो बार के ओलंपियन और विश्व कप स्वर्ण विजेता दाई योशियोका तथा एशियाई खेलों के दो बार के पदक विजेता हा मिन्ह थान्ह और उनके हमवतन वू तिएन नाम भी फाइनल में पहुंचे।

आठ सीरीज (प्रत्येक में पांच शॉट) के फाइनल में योशियोका, अनिश और चिर्युकीन ने तेज शुरुआत की। तीसरी सीरीज के बाद वू और कजाकिस्तान के आर्तेमी कबाकोव बाहर हो गए।

चौथी सीरीज के बाद आदर्श 11 हिट के साथ बाहर हुए। छठी सीरीज के बाद अनिश 21 हिट के साथ योशियोका और निकिता के साथ संयुक्त बढ़त पर थे।

सातवीं सीरीज में अनिश को दो हिट मिले, जबकि योशियोका ने पांच और चिर्युकीन ने चार हिट लगाए, जिससे अनिश को कांस्य से संतोष करना पड़ा। उन्होंने तीन साल पहले चांगवोन एशियाई चैंपियनशिप में भी यही परिणाम हासिल किया था।

योशियोका ने अंतिम सीरीज में फिर पांच सटीक निशाने लगाए और 31 अंकों के विश्व व एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। चिर्युकीन 28 अंकों के साथ रजत और अनिश 23 अंकों के साथ कांस्य पदक विजेता रहे।

दिन की पहली स्पर्धा में कजाकिस्तान के इस्लाम सतपायेव ने गैर-ओलंपिक 50 मीटर राइफल प्रोन पुरुष स्पर्धा में दो स्वर्ण जीते। उन्होंने 622.5 अंकों के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण और निकिता शाख्तोरिन (622.5) व कॉन्स्टेंटिन मालिनोव्स्की (615.0) के साथ टीम स्वर्ण जीता।

भारत के बाबू सिंह पंवार ने 621.3 अंकों के साथ व्यक्तिगत कांस्य जीता, जबकि टीम स्पर्धा में बाबू ने समरवीर सिंह (618.2) और सरताज सिंह तिवाना (614.4) के साथ रजत पदक हासिल किया।

जूनियर पुरुष राइफल प्रोन में भारत के कर्माकर ने 60 शॉट में 621.7 अंकों के साथ स्वर्ण जीता। कजाकिस्तान के ओलेग नोस्कोव (620.6) और तामेरलान काबुलोव (617.3) ने क्रमशः रजत और कांस्य जीते। टीम स्पर्धा में कजाकिस्तान (1848.7) ने भारत (1847.6) को मामूली अंतर से पछाड़ते हुए स्वर्ण जीता।

दिन की अंतिम स्पर्धा जूनियर पुरुष 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल में इंडोनेशिया के मुहम्मद फव्वाज अदितिया फरेल ने 29 अंकों के विश्व और एशियाई जूनियर रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। भारत के सूरज शर्मा (23) ने रजत और मुकेश नेलावल्लि (19) ने कांस्य पदक जीता।

क्वालीफिकेशन में सूरज (582) और मुकेश (572) ने साहिल चौधरी (575) के साथ मिलकर कुल 1729 अंकों के साथ टीम स्वर्ण जीता। कजाकिस्तान 1613 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। PTI AH AH KHS KHS