बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी निर्णायक जीत की ओर अग्रसर

**EDS: SCREENGRAB VIA PTI VIDEOS** Dhaka: Bangladesh Nationalist Party (BNP) acting chairman Tarique Rahman addresses supporters, in Dhaka, Thursday, Dec. 25, 2025. Tarique has returned to Dhaka ending more than 17 years of self-imposed exile in London, marking a major political development ahead of Bangladesh's February 2026 general elections. (PTI Photo)(PTI12_25_2025_000503B)

ढाका, 13 फरवरी (पीटीआई) दक्षिण एशियाई देश बांग्लादेश के आम चुनावों में शुक्रवार को मतगणना के दौरान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) निर्णायक जीत की ओर बढ़ती दिखाई दी। ये चुनाव अंतरिम प्रशासन की जगह नई सरकार के गठन के लिए कराए गए थे, जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग शासन के पतन के बाद कार्यभार संभाला था।

कई मीडिया आकलनों के अनुसार, 300 सदस्यीय संसद में बीएनपी ने 151 से अधिक सीटें जीत ली हैं।

हालांकि, चुनाव आयोग (ईसी) ने अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है।

ईसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि कई सीटों के नतीजे अभी संसाधित किए जा रहे हैं और कुछ घंटों में घोषित किए जाने की संभावना है।

यह चुनाव मुख्य रूप से बीएनपी और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच सीधा मुकाबला माना गया, क्योंकि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग चुनाव मैदान में नहीं थी।

मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पिछले 18 महीनों से सत्ता में है।

13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान 84 सूत्रीय जटिल सुधार पैकेज, जिसे ‘जुलाई नेशनल चार्टर’ कहा जाता है, के क्रियान्वयन पर जनमत संग्रह के साथ कराया गया।

बीएनपी ने पहले ही घोषणा की थी कि यदि वह चुनाव जीतती है तो उसके अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे।

बीएनपी की केंद्रीय चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने शुक्रवार तड़के मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “हमें दो-तिहाई से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाने का पूरा भरोसा है।”

17 वर्षों से अधिक समय तक स्व-निर्वासन में रहने के बाद पिछले दिसंबर में बांग्लादेश लौटे रहमान ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से विजय रैलियां आयोजित करने के बजाय दोपहर की ‘जुमा’ नमाज के बाद देशभर में विशेष प्रार्थनाएं करने का आह्वान किया।

चुनाव आयोग ने अभी मतदाता प्रतिशत की औपचारिक घोषणा नहीं की है। उसने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की उपस्थिति में कथित हेरफेर के आरोपों को खारिज किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासुर उद्दीन ने गुरुवार शाम एक संवाददाता से कहा, “पिछले चुनावों में भी मतदान प्रतिशत को लेकर बहस होती रही है। कृपया अभी इस पर सवाल न उठाएं।”

उन्होंने कहा कि हजारों मतदान केंद्रों से अलग-अलग समय पर परिणाम आने के कारण आंकड़ों में अंतर स्वाभाविक है।

ईसी के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने पहले बताया था कि गुरुवार दोपहर 2 बजे तक 42,651 में से 36,031 मतदान केंद्रों पर 47.91 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे।

300 में से 299 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 2,000 से अधिक उम्मीदवार, जिनमें कई निर्दलीय भी शामिल थे, चुनाव मैदान में थे। एक सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया था।

स्थानीय समयानुसार शाम 4:30 बजे मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू हो गई।

चुनाव आयोग ने देश के चुनावी इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी सुरक्षा व्यवस्था की, जिसमें लगभग 10 लाख सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई।